महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस दल पर भीड़ ने किया हमला, 4 गिरफ्तार
यौन हमले की पीड़िता की मां का बयान दर्ज करने के लिए पुलिस का एक दल अस्पताल गया था। उस समय अस्पताल के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई जिससे पुलिसकर्मियों को अतिरिक्त बल मंगाने के लिए फोन करना पड़ा।
Publish Date: Wed, 19 Feb 2025 (15:09 IST)
Updated Date: Wed, 19 Feb 2025 (15:14 IST)
Mob attacks police team in Thane district: महाराष्ट्र में ठाणे जिले (Thane district) के भिवंडी में यौन अपराध के एक आरोपी को गिरफ्तार करने की कोशिश कर रहे पुलिस दल पर मंगलवार को हिंसक भीड़ (violent mob) ने हमला कर दिया जिसके बाद करीब 50 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
हमले के सिलसिले में 4 गिरफ्तार : अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने हमले के सिलसिले में 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि हमलावरों के पथराव से एक अधिकारी घायल हो गया और पुलिस के वाहन को नुकसान पहुंचा। यौन हमले की पीड़िता की मां का बयान दर्ज करने के लिए पुलिस का एक दल अस्पताल गया था। उस समय अस्पताल के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई जिससे पुलिसकर्मियों को अतिरिक्त बल मंगाने के लिए फोन करना पड़ा।
ALSO READ: भोपाल में दो पक्षों के बीच पथराव, लहराईं तलवारें, कई घायल
हालांकि जब तक अतिरिक्त पुलिस बल पहुंचा तब तक भीड़ तितर-बितर हो चुकी थी। अपना अभियान जारी रखते हुए पुलिस बल आरोपी की तलाश में गया और उसने वरहलदेवी मंदिर क्षेत्र में 20-25 साल की उम्र के युवकों के समूह को खड़े देखा। जब अधिकारियों ने इन युवकों से पूछताछ की तो भीड़ ने शोर मचाना और धक्का-मुक्की करना शुरू कर दिया। जल्द ही घटनास्थल पर और लोग एकत्र हो गए जिससे स्थिति और बिगड़ गई।
ALSO READ: झांसी से प्रयागराज जा रही ट्रेन पर पथराव, दहशत में यात्री
विवाद के दौरान हमलावरों में से एक ने एक पुलिसकर्मी पर पत्थर फेंका जिससे वह घायल हो गया। भीड़ ने सरकारी पुलिस वाहन को भी निशाना बनाया और उसके शीशे तोड़ दिए। हमले के बाद सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। अधिकारी ने बताया कि बाद में पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया।(भाषा)
Edited by: Ravindra Gupta