Publish Date: Sat, 01 Jul 2023 (10:32 IST)
Updated Date: Sat, 01 Jul 2023 (10:46 IST)
Shri Mangal Dev Graha Mandir Logo Sticker Amalner: महाराष्ट्र के जलगांव के पास अमलनेर में स्थित श्री मंगल ग्रह मंदिर को देश के साथ-साथ दुनियाभर के भक्तों से परिचित कराने के उद्देश्य से मंगल ग्रह सेवा संस्थान मंदिर में आने वाले चौपहिया और दोपहिया वाहनों पर मंदिर के 'लोगो' वाले स्टीकर लगाए जाते हैं। पिछले पांच वर्षों में अब तक यह स्टीकर देश-विदेश में 60 हजार से ज्यादा वाहनों पर लगाए जा चुके हैं।
पहले यह स्टीकर लगे वाहन महाराष्ट्र में ही नजर आते थे परंतु अब देश के अन्य प्रदेशों में भी नजर आने लगे हैं। हाल ही में इस आशय की जानकारी मंगल ग्रह मंदिर स्थान ने दी। कर्नाटक प्रदेश भाजपा के पूर्व मंत्री अरविंद निंबालकर ने संस्थान को बताया कि जब वे खानदेश के दौरे पर थे तो उन्होंने वाहनों पर मंगल ग्रह मंदिर के स्टीकर लगे देखे जिससे वह अभिभूत हो गए।
उन्होंने कहा कि मैं यहां के मंगल ग्रह मंदिर के बारे में ज्यादा नहीं जानता था, लेकिन मैंने महाराष्ट्र से कर्नाटक आने वाले कई वाहनों पर इस मंदिर के स्टीकर देखे थे। मोदी सरकार के 9 वर्ष अभियान के तहत कर्नाटक राज्य में 'घर संवाद' अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के प्रमुख कर्नाटक राज्य के पूर्व बीजेपी मंत्री अरविंद निंबालकर जलगांव जिले के दौरे पर थे। उन्होंने अमलनेर, धरणगांव जाकर नागरिकों को मोदी सरकार के 9 साल के विकास कार्यों और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर सांसद उन्मेश पाटिल, पूर्व विधायक स्मिता वाघ, डॉ. राधेश्याम चौधरी, अधिवक्ता वीआर पाटिल, भैरवी वाघ, महेश पाटिल, शीतल देशमुख, हीरालाल पाटिल आदि उपस्थित थे। इस अवसर पर पूर्व मंत्री निंबालकर का मंदिर सचिव सुरेश बाविस्कर, उपाध्यक्ष एस.एन. पाटिल, खाजीदार गिरीश कुलकर्णी, ट्रस्टी आनंद महाले आदि का अभिनंदन किया गया। मंदिर के सचिव सुरेश बाविस्कर ने मंदिर के बारे में जानकारी दी।