Publish Date: Sat, 11 Mar 2017 (15:11 IST)
Updated Date: Sat, 11 Mar 2017 (15:16 IST)
इम्फाल। मणिपुर के मुख्यमंत्री ओकराम सिंह ने भाजपा के एल. बसंत सिंह को 10,400 मतों से पराजित कर थोउबाल सीट पर जीत हासिल की। इस सीट से चुनाव लड़ रहीं मानवाधिकार कार्यकर्ता इरोम शर्मिला को महज 90 मत मिले। राज्य में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है।
दोपहर 1 बजे तक के रुझान और परिणामों के मुताबिक कांग्रेस ने 9 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है और उसके उम्मीदवार इतनी ही सीटों पर आगे चल रहे हैं। भाजपा के 4 उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है और पार्टी 10 सीटों पर आगे चल रही है। सिंह ने थोउबाल सीट पर 10,400 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। कांग्रेस नेता अब्दुल नसीर ने लिलोंग सीट पर 1,268 मतों से जीत दर्ज की।
के. जयकिशन सिंह (कांग्रेस) ने थांगमेईबांद सीट पर 157 मतों के मामूली अंतर से जीत दर्ज की। कोन्थाउजम सीट पर भाजपा के सापम रंजन सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के शारत सिंह को 2,772 मतों से पराजित किया। नेशनलिस्ट पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के वाई. जयकुमार सिंह ने 345 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। (भाषा)