Publish Date: Tue, 13 Oct 2015 (17:47 IST)
Updated Date: Tue, 13 Oct 2015 (17:50 IST)
गूगल इंडिया ने एलजी और हुआवेई की साझेदारी में अपने नेक्सस फोन की नवीनतम रेंज पेश की। इसकी कीमत 31,900 रुपए से शुरू होती है। एंड्राइड के नवीनतम संस्करण मार्शमालो 6.0 पर चलने वाले ये फोन नवंबर की शुरुआत में बाजार में उपलब्ध कराए जाने की संभावना है।
एलजी को इस त्योहारी मौसम में करीब एक लाख नेक्सस फोन बिकने की उम्मीद है, जबकि हुवावेई ने संख्या का अनुमान नहीं जताया। हालांकि हुआवेई ने कहा कि उसे अपने साझीदारों से करीब 20,000 से 30,000 फोन के ऑर्डर मिले हैं।
गूगल के वैश्विक निदेशक (क्रोम व एंड्रायड विपणन) डेविड शैपिरो ने यहां कहा कि भारत दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ता स्मार्टफोन बाजार है और हम अपने नवीनतम नेक्सस फोन यहां लांच करते हुए उत्साहित हैं। हमें भरोसा है कि भारतीय ग्राहकों को नेक्सस 5एक्स और 6पी से खास अनुभव होगा।
एलजी द्वारा विनिर्मित नेक्सस 5एक्स के 16जीबी संस्करण की कीमत 31,900 रुपए है और 32 जीबी के संस्करण की कीमत 35,900 रुपए है, जबकि हुआवेई द्वारा विनिर्मित नेक्सस 6पी का 32जीबी संस्करण 39,999 रुपए और 64जीबी संस्करण 42,999 रुपए में उपलब्ध होगा।