Publish Date: Sat, 06 May 2023 (17:28 IST)
Updated Date: Sat, 11 May 2024 (12:35 IST)
Places to visit in summer in india : यूं तो भारत में सैंकड़ों ठंडी जगहें हैं जहां पर गर्मी और खासकर मई के माह में घूमने जाया जा सकता है। यदि आपका प्लान देश की ऐसी जगह घूमने का है जो ठंडी होने के साथ साथ ही प्राकृतिक दृष्टि से सुंदर और एडवेंचर भरी हो तो हमारी बताई गई निम्नलिखित 10 जगहों में से किसी एक जगह का आप चयन करके वहां जा सकते हैं।
1. मोशाबरा : यह स्थान हिमाचल के शिमला से मात्र 11 किलोमीटर की दूरी पर हैं, जो एक छोटी सी बस्ती है। यहां पर आप स्कींग, ट्रेकिंग, रॉक क्लाइम्बिंग, कैम्पिंग, बाइकिंग, पैराग्लाइडिंग, बर्ड वॉचिंग, रेप्लिंग, रिवर रॉफ्टिंग, क्वैड बाइकिंग, ट्रेडिशनल फूट आदि का आनंद ले सकते हैं। यह सुंदर स्थान सिंधु और गंगा नदी के तट पर स्थित है जो एशिया के सबसे बड़े वाटरशेड के रूप में लोकप्रिय है। यहां पर ठहरने के लिए बहुत ही खूबसूरत जगहें हैं।
2. शिलॉन्ग : यदि आप गर्मी के माह ठंठी जगह पर घूमना चाहते हैं तो मेघालय जरूर जाएं। यहां प्रमुख रूप से शिलॉन्ग को जरूर देखें। मेघालय की राजधानी शिलॉन्ग भारत का सबसे खूबसूरत हिल स्टेशन है। इसे पूर्व का स्कॉटलैंड कहा जाता है। यहीं पास में चेरापूंजी भी है।
3. रानीखेत : उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के अंतर्गत देवदार और बलूत के वृक्षों से घिरा रानीखेत बहुत ही रमणीक एक लघु हिल स्टेशन है। काठगोदाम रेलवे स्टेशन से 85 किमी की दूरी पर स्थित यह अच्छी पक्की सड़क से जुड़ा है। इस स्थान से हिमालय की ऊंची ऊंची चोटियों की श्रेणियां को स्पष्ट देखा जा सकता है। प्रकृति प्रेमियों का स्वर्ग रानीखेत छोटा लेकिन बेहद खूबसूरत हिल स्टेशन है।
4. लेह (लद्दाख) : भारतीय राज्य लद्दाख में एक क्षेत्र है जिसे लेह कहा जाता है। प्रकृति की सबसे सुंदर छटा यहां देखी जा सकती है। ट्रैकिंग और रोमांच भरी साहसी यात्रा के शौकिन लोगों के अलावा प्रकृति के प्रति लगाव रखने वाले लोगों के लिए लेह सबसे खूबसूरत जगह है। लेह जाने के लिए सड़क मार्ग से दो रास्ते हैं- एक मनाली से और दूसरा श्रीनगर से।
5. मुन्नार (केरल) : केरल का मुन्नार हिल स्टेशन स्वर्ग के समान है। तीन पर्वतों की श्रृंखला- मुथिरपुझा, नल्लथन्नी और कुंडल, के मिलन स्थल पर स्थित है मुन्नार। इस हिल स्टेशन की पहचान है यहां के विस्तृत भू-भाग में फैली चाय की खेती, औपनिवेशिक बंगले, छोटी नदियां, झरनें और ठंडे मौसम। ट्रैकिंग और माउंटेन बाइकिंग के लिए यह एक शानदार स्थल है।
6. पचमढ़ी : मध्यप्रदेश में अमरकंटक के पास ही होशंगाबाद जिले में पचमड़ी बहुत ही खूबसूरत हिल स्टेशन है। ऊंचे ऊंचे पहाड़, झील, झरने, गुफाएं, जंगल सभी कुछ हैं यहां पर। झरनों के लिए आप मध्यप्रदेश के पचमड़ी में जाएं। इसे मध्यप्रदेश की सबसे ठंठी जगह माना जाता है।
7. दार्जिलिंग: 'क्वीन ऑफ हिल्स' के नाम से मशहूर दार्जिलिंग की सबसे बड़ी खासियत है यहां के चाय बागान। बर्फ से ढंके सुंदर पहाड़, देवदार के जंगल, प्राकृतिक सुंदरता, कलकल करते झरने सबका मन मोह लेते हैं। दार्जिलिंग की सैर शुरू होती है मशहूर टॉय ट्रेन से, जो पहाड़ियों और खूबसूरत वादियों के बीच से होते हुए गुजरती है। दार्जिलिंग की एक ओर मशहूर जगह है टाइगर हिल, जो शहर से लगभग 13 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यहां से सूर्योदय का अद्भुत नजारा बेहद खूबसूरत दिखाई देता है।
8. कुर्ग : अगर आप वेकेशन में दक्षिण भारत की सैर करना चाहते हैं तो कुर्ग आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। अपनी खूबसूरत वादियों के लिए प्रसिद्ध कुर्ग, कर्नाटक राज्य में स्थित है। अप्रैल के महीने में कुर्ग का तापमान 15 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है। आप कुर्ग में एबी फॉल्स, मंडल पट्टी व्यू पॉइंट, नामद्रोलिंग मठ, इरुप्पू फॉल्स जैसे स्थानों पर घूमने जा सकते हैं।
9. गुलमर्ग और सोनमर्ग : जम्मू और कश्मीर के ये दोनों स्थान सबसे खूबसूरत है। बर्फ से ढके पहाड़ों, हरे-भरे घास के मैदान, सदाबहार जंगलों वाली पहाड़ियों और घाटियों से घिरा हुआ गुलमर्ग और सोनर्ग ठंडे स्थानों में शीर्ष स्थानों में से एक है और इसे एडवेंचर हब के रूप में भी विकसित किया गया है। सोनमर्ग अमरनाथ के पास स्थित है। सोनमर्ग में सिंध नदी घाटी से होकर बहती है।
10. गंगटोक : सिक्किम की राजधानी गंगटोक भी पूरे साल बेहद सर्द रहता है। गर्मी में यहां जाने का आनंद कुछ और ही है। यह कंचनजंगा पहाड़ का घर है, जो दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा पर्वत है। यहां पर भगवान गणेश और भगवान हनुमान दोनों को समर्पित कई मंदिर हैं। सिक्किम घूमना हो तो उत्तरी सिक्किम जरूर घूमें।