Publish Date: Tue, 16 Oct 2018 (08:58 IST)
Updated Date: Wed, 17 Oct 2018 (16:17 IST)
भोपाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का दर्द एक और बार छलका है। इन दिनों दिग्विजय सिंह का एक वीडियो वायरल हुआ है।
इसमें दिग्विजय खुद कह रहे हैं कि उनके प्रचार करने से कांग्रेस के वोट कट जाते हैं इसलिए वे प्रचार करने नहीं जाते हैं। पिछले दिनों भोपाल में जीतू पटवारी के घर पहुंचे दिग्विजय सिंह ने जब घर के बाहर कार्यकर्ताओं की भीड़ देखी तो सबके सामने जीतू पटवारी को नसीहत दे डाली।
वायरल वीडियो में दिग्विजय सिंह कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जीतू पटवारी को काम करने की नसीहत देते नजर आ रहे हैं। वीडियो में दिग्विजय सिंह जीतू पटवारी से कह रहे हैं कि ख्वाब देखते रह जाओगे, अगर काम नहीं किया तो सरकार नहीं बनेगी।
टिकट के दावेदारों को भी डांटने वाले अंदाज में दिग्विजय कह रहे हैं, जिसको टिकट मिले उसको जिताना है। चाहे वो दुश्मन ही क्यों न हो। इसके बाद दिग्विजय खुद को प्रचार से दूर रहने का कारण बताते हुए कह रहे हैं कि उनके भाषण देने से कांग्रेस के वोट कट जाते हैं। दिग्विजय सिंह का यह बयान ऐसे समय सामने आया है, जब पिछले कई दिनों से कांग्रेस के अंदर दिग्विजय सिंह को दरकिनार किए जाने और उनकी उपेक्षा की बातें जोरशोर से चल रही हैं।
पिछले दिनों जब राहुल गांधी भोपाल में कांग्रेस के चुनाव प्रचार का शंखनाद करने आए थे तो कार्यक्रम स्थल पर दिग्विजय सिंह के कटआउट और पोस्टर नहीं लगाए जाने पर काफी सियासी बखेड़ा खड़ा हुआ था। मध्यप्रदेश में बीएसपी से कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं होने के लिए मायावती ने दिग्विजय सिंह को जिम्मेदार ठहराया था।
भाजपा दिग्विजय को बताती है मिस्टर बंटाढार : दूसरी ओर हर चुनाव के समय भाजपा दिग्विजय सिंह के शासनकाल को लोगों को याद दिलाती है। सोमवार को भी अपनी जनआशीर्वाद यात्रा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिग्विजय सिंह पर निशाना साधा था। भाजपा इस बार चुनावी मंच पर विकास को मुद्दा बनाते हुए प्रदेश की तुलना 15 साल पहले के दिग्विजय सिंह के शासनकाल से कर रही है।
भाजपा ने साधा निशाना : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने इस वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह सीधे तौर पर सिंह की स्वीकारोक्ति है कि मध्यप्रदेश का 'बंटाढार' करने में उनकी सरकार का कुशासन जिम्मेदार है।