Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

'आंधी' की नायिका सुचित्रा सेन की हालत गंभीर

Advertiesment
हमें फॉलो करें 'आंधी' की नायिका सुचित्रा सेन की हालत गंभीर
कोलकाता , रविवार, 29 दिसंबर 2013 (21:52 IST)
कोलकाता। अपने जमाने की मशहूर अदाकारा सुचित्रा सेन की हालत गंभीर बनी हुई है। श्वसन संबंधी बीमारी को लेकर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिछले कुछ साल से एकांत जीवन बिता रहीं 82 साल की सुचित्रा सेन को सांस लेने में दिक्कत होने के बाद इसी हफ्ते बेल व्यू क्लीनिक अस्पताल में भर्ती कराया गया था

अस्पताल ने हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. सुब्रता मोइत्रा की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय एक समिति गठित की है जो मशहूर मरीज के स्वास्थ्य की 24 घंटे निगरानी कर रही है।

सूत्रों ने बताया कि सुचित्रा सेन अभी ऑक्सीजन पर हैं और उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की। इसके बाद उनका सीटी स्कैन कराया गया है। उन्होंने बताया कि सुचित्रा सेन को एंटीबायोटिक और ऑक्सीजन दिया जा रहा है।

सुचित्रा सेन का फिल्मी सफर 1952 में बांग्ला फिल्म ‘शेष कोठाई’ से शुरू हुआ था। 1955 में उन्हें हिंदी फिल्म ‘देवदास’ के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार मिला था। वह पहली भारतीय अभिनेत्री हैं, जिन्हें किसी अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह में सम्मानित किया गया। उन्हें 1963 के मास्को फिल्म समारोह में ‘सात पाके बंध’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला था।

बाद में वह एकांत जीवन बिताने लगीं और उन्होंने 2005 में सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं देने को तरजीह देते हुए कथित तौर पर दादा साहब फाल्के पुरस्कार से इनकार कर दिया था।

बॉलीवुड में सुचित्रा सेन की फिल्म 'आंधी' ने अपने जमाने में काफी धूम मचाई थी। गुलजार की इस फिल्म पर बैन तक लगा दिया गया था, लेकिन बाद में इमरजैंसी हटने के बाद इसने काफी लोकप्रियता हासिल की।

कहते हैं कि फिल्म 'आंधी' इंदिरा गांधी के जीवन पर आधारित थी, इसी कारण यह फिल्म विवादों के घेरे में रही। तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने आपातकाल के वक्त इस फिल्म के गीतों को रेडियो पर प्रसारित करने तक पर बैन लगा दिया था। यही नहीं, तब के दौर में किशोर कुमार के गीत भी रेडियो पर प्रतिबंधित कर दिए गए थे।

फिल्म आंधी के गीत आज भी बेहद लोकप्रिय हैं, मसलन 'तेरे बिना जिंदगी से कोई शिकवा नहीं...', 'इस मोड़ से जाते हैं, कुछ सुस्त कदम राहें...', 'तुम आ गए हो, नूर आ गया है...'। फिल्म की नायिका सुचित्रा सेन और नायक संजीव कुमार की अभिनय क्षमता को आज भी याद किया जाता है। (भाषा/वेबदुनिया)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi