केजरीवाल के निशाने पर अब दिल्ली के उपराज्यपाल...
नई दिल्ली , गुरुवार, 17 जुलाई 2014 (11:02 IST)
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दावा किया कि दिल्ली के उपराज्यपाल भाजपा को सरकार बनाने के लिए बुला सकते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा यह न्योता स्वीकार कर लेगी। दिल्ली में गत पांच महीने से राष्ट्रपति शासन लगा हुआ है। केजरीवाल ने ट्विट कर कहा कि अगर दिल्ली के उपराज्यपाल भाजपा को नहीं बुलाएंगे तो अनके साथ क्या होगा? क्या उनका हश्र भी अन्य राज्यपालों की तरह नहीं होगा? उन्होंने कहा कि देखना यह है कि क्या उपराज्यपाल भाजपा को नहीं बुलाने की हिम्मत दिखा पाएंगे? वह अपनी कुर्सी बचाएंगे या संविधान। केजरीवाल ने कहा कि भाजपा को सरकार बनाने के लिए बुलावा देना विधायकों की खरीदी को बढ़ावा देने की तरह है। दूसरी तरफ केजरीवाल के दावे पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर उनका दावा गलत निकला तो क्या वह माफी मांगेंगे।