रक्षामंत्री और तीनों सैन्य प्रमुखों की मौजूदगी में सेना के सेवानिवृत्त अधिकारियों की ओर से फील्डमार्शल सैम मानेकशॉ को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से अलंकृत किए जाने की माँग की गई।
देश के इस महान सैनिक के लिए आयोजित की गई स्मृति सभा में रक्षामंत्री एके एंटनी, सेना प्रमुख जनरल दीपक कपूर, नौसेना प्रमुख एडमिरल सुरीश मेहता और वायुसेना प्रमुख एयरचीफ मार्शल फली होमी मेजर मौजूद थे।
पूर्व सेना प्रमुख जनरल जेजे सिंह और लेफ्टिनेंट जनरल जेएफ आर जैकब भी स्मृति सभा में हिस्सा लेने आए। सभा को संबोधित करते हुए लेफ्टिनेंट जनरल दीपेंद्रसिंह ने कहा कि मैं रक्षामंत्री से आग्रह करता हूँ कि फील्डमार्शल मानेकशॉ को भारत रत्न से विभूषित किया जाए।
रक्षामंत्री से जब इस माँग के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि हम फील्डमार्शल से जुड़ी भावनाओं को समझते हैं और उनकी उपलब्धियों का हर कोई आदर करता है।