Hanuman Chalisa

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

शशि थरूर की पत्नी सुनंदा पुष्कर की मौत

Advertiesment
हमें फॉलो करें शशि थरूर
नई दिल्ली , शुक्रवार, 17 जनवरी 2014 (23:32 IST)
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री शशि थरूर की पत्नी सुनंदा पुष्कर की शुक्रवार की देर शाम दिल्ली के पांच सितारा होटल 'लीला' में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। फिलहाल सुनंदा का शव होटल के कमरा नंबर 345 में ही है और पोस्टमार्टम के बाद ही इसका खुलासा होगा कि मौत की असली वजह क्या है।

15 जनवरी को शशि थरूर की तीसरी पत्नी सुनंदा पुष्कर ने ट्‍विटर पर अपने पति के एकाउंट को सार्वजनिक करते हुए सनसनी फैला दी ‍थी कि हमारा वैवाहिक जीवन पटरी पर नहीं है। मैं थोड़ा बीमार क्या हुई, शशि ने पाकिस्तानी पत्रकार मेहर तरार के साथ संबंध बना लिए। मेरे पति दिन में 20-20 बार पाकिस्तानी पत्रकार से बात करते हैं।

16 जनवरी के दिन सुनंदा के सनसनीखेज खुलासे से भारतीय मीडिया भौंचक रह गया और शाम होते-होते शशि ने बयान जारी करके यह कहा कि मेरे पाकिस्तानी पत्रकार से कोई संबंध नहीं हैं। मेरे और सुनंदा के संबंध मधुर हैं।

16 जनवरी के दिन ही सुनंदा दिल्ली के पांच सितारा होटल में दोपहर 12 बजे पहुंची थी। वे जब होटल पहुंची तो सामान्य स्थिति में नहीं थी। 17 जनवरी के दिन लोगों ने उन्हें साढ़े तीन बजे लॉबी में देखा था जबकि शाम 8.30 बजे उनकी मौत की खबर ने चौंका दिया।

शशि थरूर का पहला विवाह कोलकाता की एक शिक्षिका से हुआ था। जब वे संयुक्त राष्ट्रसंघ पहुंचे तो वहां उन्होंने एक कैनेडियन युवती से शादी की। इसके बाद उन्होंने तीसरा विवाह सुनंदा पुष्कर से 22 अगस्त 2010 में किया था।

सुनंदा तब विवादों में आई थी, जब 2010 में ही आईपीएल विवाद में शशि थरूर ने सुनंदा के खाते में 50 लाख रुपए ट्रांसफर किए थे। बाद में इस विवाद की वजह से शशि को अपना मंत्री पद भी गंवाना पड़ा था।

शशि थरूर के निजी सचिव अभिनव कुमार ने मीडिया को बताया कि सुनंदा और थरूर कल ही होटल पहुंचे थे। आज दिन भर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की बैठक में व्यस्त रहे। देर शाम वे वापस होटल पहुंचे, तब सुनंदा सो रहीं थी। बाद में उन्होंने मुझे फोन किया और कहा कि वे सरोजनी नगर थाने में सूचना दे दें कि सुनंदा की स्थिति संदिग्ध है।

चूंकि मैं खुद पुलिस अधिकारी हूं,‍ लिहाजा तत्काल होटल पहुंचा। मैंने देखा वहां पर होटल के डॉक्टर सुनंदा को देख रहे थे। अभिनव ने कहा कि शशि थरूर के बंगले में रंगाई पुताई का काम चल रहा था, इसीलिए रहने के लिए उन्होंने होटल लीला का 345 नंबर कमरा बुक किया हुआ था।

अभिनव के मुताबिक सुनंदा की मौत स्वाभाविक थी। वे अपने बिस्तर पर रजाई के भीतर थी। पोस्टमार्टम के बाद ही खुलासा होगा कि मृत्यु की असली वजह क्या थी?
(वेबदुनिया न्यूज)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi