सोनिया, राहुल ने की मनमोहन की तारीफ
नई दिल्ली , शुक्रवार, 17 जनवरी 2014 (22:26 IST)
नई दिल्ली। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सम्मेलन में सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की तारीफों के जमकर पुल बांधे।राहुल ने सिंह के नेतृत्व में संप्रग सरकार के 10 साल की अटूट स्थिरता का स्मरण करते हुए कहा कि पिछले 10 साल से हमें मनमोहन सिंह के नेतृत्व का लाभ मिला। मैं मनमोहन सिंह को उनके महान कार्य के लिए धन्यवाद करना चाहूंगा। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री ने देश के लिए जो कार्य किया है, मैं उसके लिए उन्हें धन्यवाद करता हूं। सिंह ने तीसरी बार प्रधानमंत्री का पद संभालने की संभावना से इंकार किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राहुल पार्टी में ऊर्जा भरेंगे। राहुल गांधी को आगामी लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी के प्रचार की कमान सौंपी गई है। एआईसीसी बैठक में पारित प्रस्ताव में भी सिंह के नेतृत्व में संप्रग सरकार के प्रदर्शन की सराहना की गई है।प्रस्ताव में कहा गया कि सिंह के दिशा निर्देश में लगभग एक दशक में भारत ने वैश्विक आर्थिक संकट का सफलतापूर्वक मुकाबला किया। आजाद भारत के इतिहास में सबसे तेज आर्थिक विकास हुआ। गरीबी से ल़ड़ने के मामले में सफलता मिली।कांग्रेस के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए सोनिया ने सवाल किया कि क्या किसी अन्य सरकार ने पूर्व में इतना कुछ किया है।उन्होंने कहा कि मुश्किलों और बाधाओं के साथ ही विपक्ष के गैर जिम्मेदाराना रवैए के बावजूद सिंह ने पिछले 10 साल में गठबंधन का पूरी मर्यादा से नेतृत्व किया। (भाषा)