Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

Weather update : देश में बारिश और बाढ़ से 12 लोगों की मौत, गुजरात व महाराष्ट्र में 'रेड अलर्ट'

हमें फॉलो करें Weather update : देश में बारिश और बाढ़ से 12 लोगों की मौत, गुजरात व महाराष्ट्र में 'रेड अलर्ट'
, बुधवार, 15 जुलाई 2020 (23:52 IST)
नई दिल्ली। बारिश और बाढ़ जनित घटनाओं में देश में 12 लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश के बाद गुजरात और तटीय महाराष्ट्र के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया है। असम में बाढ़ से 7 लोगों की मौत हो गई। उत्तराखंड में मकान ढहने से एक गर्भवती महिला समेत 4 लोगों की मृत्यु हो गई। महाराष्ट्र में वज्रपात की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई।

आधिकारिक बुलेटिन के मुताबिक बाढ़ के कारण असम के 26 जिलों में 36 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। मोरिगांव में तीन लोग, बारपेटा में दो लोग तथा सोनितपुर और गोलाघाट जिले में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) ने कहा है कि बाढ़ जनित घटनाओं में अब तक 92 लोगों की मौत हुई है। इसमें 66 लोगों की मौत बाढ़ में और 26 लोगों की मौत भूस्खलन में हुई।

मुंबई और तटीय महाराष्ट्र में भारी बारिश के मद्देनजर मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। इससे पहले चेतावनी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था। मंगलवार रात से ही शहर में भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया है।

राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र के एक वैज्ञानिक आरके जेनामणि ने बताया कि मुंबई के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। अगले 18 घंटे के दौरान मुंबई, ठाणे, रायगढ और रत्नागिरी जिले में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।

मौसम विभाग ने गुरुवार को गुजरात में भारी से अति भारी बारिश का अनुमान जताया है और इसके लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। गोवा, तटीय और मध्य महाराष्ट्र के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक जुलाई में अब तक दिल्ली में 44 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है यह सामान्य बारिश 88.3 मिलीमीटर के 50 प्रतिशत से भी कम है।

मौसम का पूर्वानुमान लगाने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट वेदर के महेश पलावत ने बताया कि मानसून का रुख हिमालय की तलहटी की तरफ होने से पिछले कुछ दिनों में दिल्ली में छिटपुट बारिश ही हुई है। मानसून के 17 जुलाई को उत्तर की ओर बढ़ने की संभावना है। इससे पंजाब, हरियाणा और दिल्ली समेत उत्तर भारत में बारिश होगी।

मौसम विभाग के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में 17 जुलाई से 20 जुलाई के बीच हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है। राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को गर्मी का प्रकोप जारी रहा और उमस का सामना करना पड़ा।

उत्तराखंड के देहरादून जिले के चुक्खूवाला क्षेत्र में एक मकान के ढह जाने से उसके मलबे में दबकर एक आठ वर्षीय बालिका और एक गर्भवती महिला सहित एक परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। घटना में दो लोग घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे बारिश के बीच मकान ढहने से यह घटना हुई। उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हुई। राज्य में 16 और 17 जुलाई के बीच कई स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है। हरियाणा और पंजाब में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहा।
चंडीगढ़ में मंगलवार रात बारिश हुई और बुधवार को यहां पर तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।हरियाणा के अंबाला में 35.1 डिग्री सेल्सियस, हिसार में 36.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। पंजाब के अमृतसर में अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में दोनों राज्यों में बारिश होने की संभावना है।(भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

गुना में दलित किसान दंपत्ति पर पुलिस की बर्बरता में बड़ा एक्शन, CM शिवराज ने कलेक्टर एसपी को हटाया