नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा ने एक कथित ड्रग तस्कर को गिरफ्तार कर और उसके पास से 47 किलोग्राम हेरोइन एवं 2 किलोग्राम कोकिन बरामद की। पुलिस ने दक्षिणपूर्व एशिया और खाड़ी देशों के बीच चल रहे एक अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ गिरोह का फर्दाफाश किया है।
अंतराष्ट्रीय बाजार में इस मादक पदार्थ की कीमत 150 करोड़ रुपए है। पुलिस के अनुसार दिल्ली निवासी 48 वर्षीय औतार सिंह को कल एक गुप्त सूचना के बाद गिरफ्तार किया गया।
इस गिरोह के तीन अन्य सदस्य वेणुगोपाल रेड्डी (29), रगमीत सिंह (25) और शूरबीर सिंह (28) इस महीने के प्रारंभ में गिरफ्तार किए गए थे। उनके पास से 30 करोड़ रुपए मूल्य का नौ किलोग्राम हेरोइन बरामद किया गया था। रेड्डी आंध्रप्रदेश के कडप्पा का रहने वाला है जबकि रगीमत एवं शूरबीर दिल्ली का निवासी है।
पूछताछ में इन तीनों से प्राप्त सूचना और अन्य सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस औतार तक पहुंच पाई।
पुलिस उपायुक्त (विशेष शाखा) संजीव कुमार ने बताया कि कल तड़के संजय गांधी ट्रासंपोर्ट नगर में औतार को पकड़ा गया। उसके हुंडई संट्रो कार की तलाशी पर 32 किलोग्राम हेरोइन और 2 किलोग्राम कोकिन मिला था। (भाषा)