Publish Date: Wed, 04 May 2016 (09:26 IST)
Updated Date: Wed, 04 May 2016 (09:34 IST)
गोरखपुर। वरिष्ठ सपा नेता और उत्तरप्रदेश सरकार में मंत्री आजम खां ने गोरखपुर से भाजपा सांसद महंत आदित्यनाथ पर एक विवादास्पद टिप्पणी करते हुए कहा कि वे शादी कर अपनी मर्दानगी साबित करें। आजम की इस टिप्पणी पर बवाल हो गया।
कौमी सलामती कौंसिल के कार्यक्रम में शामिल होने आए महंत आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा, 'महंत भला मोहब्बत की बात क्या जानें? वे पहले शादी करें और मर्दानगी साबित करें। शादी कर नस्ल बढ़ाएंगे तो मोहब्बत खुद सीख जाएंगे। सारे साधु संत फ्रस्ट्रेटेड (कुंठित) हैं।' आजम ने कहा कि जिन्होंने भी शादी नहीं की वे कुंठित हो जाते हैं।
आजम से जब पूछा गया कि साक्षी महराज तलाक प्रथा को खत्म करने की बात कह रहे हैं तो उन्होंने कहा कि उनका नाम लेना ही हमारा अपमान है क्योंकि वह अपनी ही शिष्या का बलात्कारी है।
वहीं गवर्नर राम नाईक पर एक सवाल पर बोले कि, ‘जनाब वो महामहिम हैं और बड़े हैं। उनका नाम अदब से लीजिए। राम नाईक नहीं, राम नाईक जी कहकर बुलाइए।’
आजम ने पीएम मोदी द्वारा वाराणसी में नाविकों को ई-बोट देने पर बयान देते हुए कहा कि बादशाह मोदी ने ई-बोट उन्हें लोन पर दिया है, जबिक यूपी की सपा सरकार फ्री में ई-रिक्शा बांट रही है, वो भी विशेष डिजाइन वाले।