Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

राजकीय सम्मान के साथ होगा अनंत कुमार का अंतिम संस्कार, आधा झुका रहेगा तिरंगा

हमें फॉलो करें राजकीय सम्मान के साथ होगा अनंत कुमार का अंतिम संस्कार, आधा झुका रहेगा तिरंगा
, सोमवार, 12 नवंबर 2018 (12:35 IST)
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार के सम्मान में देशभर में सोमवार को राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। गृह मंत्रालय ने इसकी घोषणा की। केंद्र सरकार केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार भी करेगी। कुमार का सोमवार तड़के बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वे पिछले कुछ महीनों से फेफड़े के कैंसर से जूझ रहे थे।
 
गृह मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने बताया कि केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार के दुर्भाग्यपूर्ण निधन के बाद यह तय किया गया है कि सोमवार को पूरे देश में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। 6 बार के सांसद कुमार भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के हमेशा करीब रहे। वे चाहे अटल बिहारी वाजपेयी या लालकृष्ण आडवाणी का दौर रहा हो या मौजूदा नरेन्द्र मोदी का समय।  
 
 
कैबिनेट बैठक बुला सकते हैं मोदी : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वरिष्ठ मंत्री अनंत कुमार के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए सोमवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की एक विशेष बैठक बुला सकते हैं। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

नेताओं ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि : केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार के निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने शोक जाहिर कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कुमार (59) का सोमवार तड़के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि वे कई महीनों से फेफड़ों के कैंसर से जूझ रहे थे।
 
संवेदना व्यक्त करते हुए राष्ट्रपति कोविंद ने कहा कि कुमार का निधन देश के सार्वजनिक जीवन के लिए बड़ा नुकसान है। उन्होंने ट्वीट किया कि केंद्रीय मंत्री एवं अनुभवी सांसद एचएन अनंत कुमार के निधन के बारे में जानकर दु:ख हुआ। यह हमारे देश के सार्वजनिक जीवन को और खासकर कर्नाटक के लोगों के लिए बड़ा नुकसान है। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, साथियों एवं असंख्य मित्रों के साथ हैं।
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं अपने महत्वपूर्ण साथी एवं मित्र के निधन से बेहद दु:खी हूं और कुमार को एक असाधारण नेता बताया, जो युवावस्था में ही सार्वजनिक जीवन में आए और काफी लगन और सेवाभाव से समाज की सेवा की। उन्होंने कहा कि वे अपने अच्छे कार्य के लिए हमेशा याद किए जाएंगे।
 
मोदी ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि अनंत कुमारजी एक सक्षम प्रशासक थे जिन्होंने कई मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाली और भाजपा संगठन के लिए एक धरोहर थे। उन्होंने पार्टी को कर्नाटक और खासतौर पर बेंगलुरु और आस-पास के क्षेत्रों में मजबूत करने के लिए कठोर परिश्रम किया। वे अपने क्षेत्र की जनता के लिए हमेशा सुलभ रहते थे।
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने कुमार की पत्नी डॉ. तेजस्विनी से बातचीत की और अपनी संवेदना प्रकट की तथा इस दु:ख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके समूचे परिवार, मित्रों और समर्थकों के प्रति हैं। ओम शांति। राहुल गांधी ने भी कुमार के परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
 
गांधी ने ट्वीट कर कहा कि केंद्रीय मंत्री अनंत कुमारजी के निधन के बारे में सुनकर दु:ख हुआ। उनके परिवार और मित्रों के प्रति मेरी संवेदना है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे। ओम शांति। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि कुमार ने अद्वितीय उत्साह एवं समर्पण के साथ पार्टी और राष्ट्र की सेवा की।
 
रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण ने भी कुमार के निधन पर गहरी संवेदना प्रकट की। उन्होंने ट्वीट किया कि यह जानकर बहुत दु:ख हुआ कि अनंत कुमारजी हमारे बीच नहीं रहे। भाजपा के लिए देशभर और कर्नाटक में साथ-साथ काम किया। बेंगलुरु हमेशा से उनके दिलो-दिमाग में बसा हुआ था। ईश्वर उनके परिवार को यह दु:ख सहने की शक्ति दे।
 
केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि वे अपने 'वरिष्ठ सहयोगी एवं दोस्त' के निधन के बारे में सुनकर अचंभित हैं। उन्होंने ट्वीट किया कि बेहद वरिष्ठ सहयोगी और मित्र अनंत कुमारजी के निधन से दु:खी एवं अचंभित हूं। वे एक अनुभवी सांसद थे जिन्होंने विभिन्न क्षमताओं में देश की सेवा की। लोगों के कल्याण के प्रति उनका जुनून एवं लगन प्रशंसनीय थे। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं।
 
केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कुमार के निधन को देश के लिए अपूरणीय क्षति बताया। कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कुमार के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि वे मूल्यों पर चलने वाले नेता थे जिन्होंने एक केंद्रीय मंत्री और सांसद के तौर पर देश के लिए अहम योगदान दिया।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

बीबीसी रिसर्च में खुलासा, फर्जी खबरें फैलाने में भावनात्मक पहलू बड़ी वजह