Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

केजरीवाल ने कहा- नोटबंदी के बाद मोदी की ईमानदारी पर शक

हमें फॉलो करें केजरीवाल ने कहा- नोटबंदी के बाद मोदी की ईमानदारी पर शक
, गुरुवार, 8 दिसंबर 2016 (18:25 IST)
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने नोटबंदी को लेकर नरेन्द्र मोदी सरकार पर बड़ा आरोप लगाया। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि नोटबंदी 8 लाख करोड़ का घोटाला है। यह मैं देशभर की जनता को बताउंगा। मोदीजी के करीबी बिजनेसमैन दोस्तों ने बैंकों के 8 लाख करोड़ डकार लिए हैं। उन्होंने विजय माल्या के लोन माफी को लेकर भी बड़े आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि आम जनता के ऋण क्यों नहीं माफ किए जाते हैं। केजरीवाल ने आरोपों के संबंध में जांच कराने की चुनौती दी। 
आज तक के एक कार्यक्रम में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि पहले उन्हें लगता था कि नरेंद्र मोदी ईमानदार हैं लेकिन अब उनकी ईमानदारी पर शक होने लगा हैं। केजरीवाल ने कहा कि नोटबंदी के चलते 84 लोगों की मौत हो चुकी है। केजरीवाल ने कहा कि 8 नवंबर को प्रधानमंत्री ने नोटबंदी की चार बड़ी वजहें बताई थीं। भ्रष्टाचार, काला धन, आतंक की फंडिंग और नकली नोट बंद होगे, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ।
 
केजरीवाल ने कहा कि 'नोटबंदी के नाम पर जनता को मूर्ख बनाया जा रहा है। सबसे ज्यादा नकली नोट भाजपा के लोगों के पास मिल रहे हैं। कालाबाजारी और भ्रष्टाचार खत्म नहीं हुआ है, यह बढ़ा ही है। अगर काला धन और भ्रष्टाचार बंद करना ही था तो दो-चार भ्रष्ट नेताओं को जेल में बंद करने चाहिए थे। रॉबर्ड वाड्रा के खिलाफ अभी तक मोदी सरकार ने कोई एक्शन क्यों नहीं लिया।
 
केजरीवाल यही नहीं रुके। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपना ब्लैक मनी ठिकाने लगा दी है। जमीनें खरीद ली। अपने लोगों को पैसे ठिकाने लगाने को कह दिया। फिर आठ तारीख को नोटबंदी का ऐलान कर दिया। अब आम जनता कतारों में खड़ी है। विजय माल्या पर 9000 करोड़ रुपए का लोन था। उन्हें देश से भगा दिया गया, अब कहते हैं कि उन्हें वापस लाने की कोशि‍श की जा रही है। पिछले हफ्ते माल्या के 12000 करोड़ रुपए के लोन और माफ कर दिए गए। किसानों का लोन माफ होना चाहिए। मध्यम परिवार के लोगों के होम लोन और कार लोन माफ कर दिए जाने चाहिए।  
 
केजरीवाल ने कहा कि '  30 दिन हो गए। 30 दिनों में कितना काला धन आया। एक महीने में 20 साल पीछे चला गया है। अर्थव्यवस्था गर्त में चली गई है। अब कहा जा रहा है सोना भी नहीं रखना है. इनकम टैक्स के अफसर हर घर जाकर रेड मारेंगे कि किसके घर कितना सोना रखा है। ये अंबानी, अडानी के घर रेड नहीं मारेंगे। 50 दिनों की मोहलत पर केजरीवाल ने कहा कि सरकार समझा तो दे कि वो कैसे काला धन लाएगी। 8 नवंबर को कैशलेस इकोनॉमी की बात नहीं थी। कैशलैस इकोनॉमी बनाने के 100 तरीके हैं। लोगों को लाइन में खड़ा करने की क्या आवश्यकता थी।

केजरीवाल ने दावा किया कि दिल्ली में 49 दिनों की उनकी सरकार के दौरान भ्रष्टाचार बिलकुल खत्म हो गया था। केजरीवाल ने कहा कि हमारी सरकार ने शीला दीक्षि‍त के खि‍लाफ तमाम केस दर्ज किए। नरेन्द्र मोदी सरकार ने रॉबर्ट वाड्रा के खि‍लाफ कुछ नहीं किया। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह व्यापमं घोटाला किया है, उन्हें पकड़ो। नोटबंदी के बहाने मोदी सरकार 1000 के बदले 2000 के नोट लाई। 
 
केजरीवाल ने कहा कि जनता देख रही है कि पिछले डेढ़ साल के भीतर केंद्र सरकार किस तरह दिल्ली सरकार को कोई काम नहीं करने दे रही है। बिजली के दाम कम हुए हैं। पानी मुफ्त कराए। इसके लिए केंद्र सरकार से काफी लड़ाई ली। दिल्ली में 106 मोहल्ला क्लीनिक बने हैं। इनकी दुनियाभर में तारीफ हो रही है। 31 दिसंबर तक 1000 ऐसे क्लीनिक बनाने का लक्ष्य था, लेकिन एलजी साहब फाइल पर बैठ गए। पंजाब चुनाव में अगर आम आदमी पार्टी जीतती है तो मुख्यमंत्री कौन होगा। इस सवाल पर केजरीवाल ने कहा यह पंजाब की जनता तय करेगी कि उनका मुख्यमंत्री कौन होगा। 


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

ऑस्ट्रेलिया में हुआ मिस्र की ममियों का आभासी अनावरण