Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

Bharat Jodo Nyay Yatra : राहुल गांधी ने असम सरकार पर साधा निशाना, कहा- यात्रा कार्यक्रमों की नहीं दे रही अनुमति

हमें फॉलो करें Bharat Jodo Nyay Yatra : राहुल गांधी ने असम सरकार पर साधा निशाना, कहा- यात्रा कार्यक्रमों की नहीं दे रही अनुमति

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

, रविवार, 21 जनवरी 2024 (19:51 IST)
Bharat Jodo Nyay Yatra  : विश्वनाथ चरियाली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) नीत असम सरकार लोगों को ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में शामिल होने के खिलाफ धमकी दे रही है और यात्रा मार्गों पर कार्यक्रमों की अनुमति देने से भी इनकार कर रही है। राहुल ने विश्वनाथ जिला के मुख्यालय विश्वनाथ चरियाली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि लोग भाजपा से डरते नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस आगामी चुनावों में भाजपा के खिलाफ भारी अंतर से जीत हासिल करेगी।
 
उन्होंने कहा, ‘‘हम यात्रा में लंबे भाषण नहीं देते हैं। हम हर दिन 7-8 घंटे यात्रा करते हैं, आपके मुद्दों को सुनते हैं और हमारा उद्देश्य इन मुद्दों को उठाना है।’’
 
गांधी ने कहा, ‘‘जब चुनाव होगा तो कांग्रेस भाजपा को बड़े अंतर से हराएगी।’’ उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से ‘‘धमकी और हमलों के बावजूद आगे बढ़ने का आग्रह किया, क्योंकि लड़ाई लोगों के लिए है।’’
 
यात्रा का असम में चौथा दिन है। अरुणाचल प्रदेश में रात्रि विश्राम के बाद यह यात्रा फिर से असम में प्रवेश कर गई है। यात्रा के तहत 25 जनवरी तक 17 जिलों से होते हुए असम में कुल 833 किमी की दूरी तय की जाएगी।
 
गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में कांग्रेस के झंडे और बैनरों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘वे (सरकार) सोचते हैं कि वे लोगों को दबा सकते हैं। लेकिन उन्हें यह एहसास नहीं है कि यह राहुल गांधी की यात्रा नहीं है। यह लोगों की आवाज उठाने की यात्रा है।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘न तो राहुल गांधी और न ही असम के लोग आपसे डरते हैं। आप जो चाहे कर सकते हैं... जब चुनाव होंगे, तो कांग्रेस भाजपा को बड़े अंतर से हरा देगी।’’
 
गांधी ने मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा पर फिर से निशाना साधते हुए उन्हें ‘‘देश का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री’’ करार दिया। कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया, ‘‘हर कोई जानता है कि मुख्यमंत्री और उनका पूरा परिवार सबसे भ्रष्ट है। असम सरकार एक परिवार के फायदे के लिए है।’’
 
उन्होंने कहा कि किसानों के साथ ‘अन्याय’ हो रहा है जिन्हें अपनी उपज का दाम नहीं मिलता, उन युवाओं के साथ ‘अन्याय’ हो रहा है जिन्हें पढ़ाई खत्म करने के बाद नौकरी नहीं मिलती। उन्होंने कहा कि उन व्यापारियों के साथ ‘अन्याय’ हो रहा है जिन्हें नोटबंदी और माल एवं सेवा कर (जीएसटी) की मार झेलनी पड़ी। गांधी ने कहा, ‘‘इन मुद्दों को उठाने और लोगों की आवाज बनने के लिए न्याय यात्रा शुरू की गई है।’’ भाषा


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

Ram Mandir Inauguration : प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर जानिए कहां रहेगी छुट्टी, कहां रहेगा आधे दिन अवकाश...