Publish Date: Tue, 30 Jan 2018 (10:57 IST)
Updated Date: Tue, 30 Jan 2018 (11:01 IST)
नई दिल्ली। सीलिंग अभियान पर दिल्ली में राजनीति गर्मा गई है। आप और भाजपा एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। सोमवार को आप कार्यकर्ताओं ने इस मुद्दे पर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने पर भी पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया। भाजपा नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मिला।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि उनकी सरकार सीलिंग अभियान पर अस्थायी प्रतिबंध की मांग करते हुए उच्चतम न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगी। केजरीवाल ने कहा है कि अगर केंद्र सरकार और उप राज्यपाल चाहते तो दिल्ली में एक भी दुकान सील नहीं हुई होती। मनोज तिवारी ने पूरे मामले की थाने में शिकायत की है।
दिल्ली भाजपा इकाई के अध्यक्ष तथा सांसद मनोज तिवारी की अगुवाई में विधायक और व्यापारी प्रतिनिधियों का एक दल मंगलवार की सुबह दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मिलने उनके घर पर पहुंचा। मीडिया के सामने दोनों दलो के कार्यकताओं में तीखी बहस हुई।
सांसद मनोज तिवारी ने आरोप लगाया कि उन्होंने मुख्यमंत्री से कई बार मिलने का समय मांगा, लेकिन दिल्ली सरकार ने समय नहीं दिया और आज जब समय दिया है तो यहां कोई व्यवस्था नहीं है। बातचीत के दौरान दोनों पार्टियों के नेताओं में तीखी बहस होने लगी। तिवारी ने आरोप लगाया कि आप के विधायक उनका अपमान कर रहे हैं। इस मुद्दे पर सांसद अपने कार्यकार्ताओं के साथ सीएम आवास के बाहर धरने पर बैठ गए।