Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

भाजपा ने बनाया था नीतीश को मुख्‍यमंत्री, NDA के सांसदों से बोले मोदी

हमें फॉलो करें भाजपा ने बनाया था नीतीश को मुख्‍यमंत्री, NDA के सांसदों से बोले मोदी
नई दिल्ली , शुक्रवार, 4 अगस्त 2023 (00:17 IST)
PM Modi address to NDA MPs: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को बिहार से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सांसदों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) नीत राजग देश में स्थिरता की ताकत रहा है।
 
सूत्रों ने कहा कि मोदी ने राजग सांसदों से अगले लोकसभा चुनाव तक के समय का उपयोग अपने निर्वाचन क्षेत्रों में अधिकतम लोगों तक पहुंचने और लोगों को सरकार के विकास कार्यों के बारे में बताने को कहा। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने 2014 में पहली बार सत्ता में आने पर लोगों से किए गए सभी वादे पूरे किए हैं।
 
सूत्रों के अनुसार, मोदी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में गठन के बाद राजग ने 25 साल पूरे कर लिए हैं और तब से यह स्थिरता की ताकत रहा है। उन्होंने राजग के गठन से पहले देश में राजनीतिक अस्थिरता के दौर के बारे में बात की और बताया कि कैसे इससे स्थिरता आई।
 
भाजपा ने दिया है बलिदान : उन्होंने कहा कि भाजपा ने व्यापक हित के लिए बलिदान भी दिया है। यह ध्यान देने वाली बात है कि भाजपा ने पूर्व में कहा था कि वह राज्यों में अपने सहयोगियों को प्रमुख पद देगी, भले ही सीट संख्या के मामले में वे कम ही क्यों न हों। इसने पूर्व में बिहार में मुख्यमंत्री पद के लिए जनता दल (यूनाइटेड) (जद-यू) के नेता नीतीश कुमार का समर्थन किया। कुमार अब विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ का हिस्सा हैं।
 
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी बिहार के राजग सांसदों को संबोधित किया। मोदी अपने घटकों के बीच समन्वय को बढ़ाने और 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए सत्तारूढ़ गुट की रणनीति को आकार देने के प्रयासों के तहत राजग के सांसदों को संबोधित कर रहे हैं।
 
मोदी ने पहले उत्तर प्रदेश के मध्य और पूर्वी क्षेत्रों के 45 से अधिक सांसदों की एक बैठक को संबोधित किया और फिर 31 जुलाई को दक्षिणी राज्यों के सभी सांसदों के अन्य समूह से बात की।
 
भाजपा ने राजग सांसदों को अलग-अलग क्षेत्रों के 11 समूहों में बांटा है और उम्मीद है कि प्रधानमंत्री उन सभी को संबोधित करेंगे। अब तक उन्होंने इन समूहों में से 6 को संबोधित किया है, जिनमें दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख जैसे राज्यों के सांसद शामिल हैं।
 
प्रधानमंत्री ने अपने विभिन्न संबोधनों में सांसदों से समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने और लोगों तक पहुंचने के लिए सोशल मीडिया के उपयोग सहित नवीन तरीकों का इस्तेमाल करने के लिए कहा है। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

Bihar Caste Based Survey : बिहार का जाति आधारित सर्वे का मामला पहुंचा सुप्रीम कोर्ट, पटना HC के आदेश को दी चुनौती