Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

अमेरिका में राहुल की टिप्पणी पर BJP ने बोला तीखा हमला, भारतीय लोकतंत्र के लिए बताया काला धब्बा

हमें फॉलो करें Rahul Gandhi

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

नई दिल्ली , मंगलवार, 10 सितम्बर 2024 (00:46 IST)
BJP hits back at Rahul Gandhi's remarks : भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सोमवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) पर अमेरिका में उनकी ताजा टिप्पणी को लेकर तीखा हमला बोला और उन्हें भारतीय लोकतंत्र के लिए ‘काला धब्बा’ करार दिया।
webdunia
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने राहुल गांधी पर विदेश में अपनी टिप्पणियों से भारतीय लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, हर कोई जानता है कि राहुल गांधी एक अपरिपक्व और पार्ट-टाइम (अंशकालिक) नेता हैं। लेकिन जब से वह (लोकसभा में) विपक्ष के नेता बने हैं, तब से लोगों ने उनके कंधों पर बहुत बड़ी जिम्मेदारी डाल दी है।
 
भाटिया ने कहा, लेकिन मुझे दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि राहुल गांधी भारतीय लोकतंत्र के लिए काला धब्बा हैं। उन्हें यह भी नहीं पता है कि विदेशों में क्या बातें कही जाती हैं। भाजपा प्रवक्ता अमेरिका में एक कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के खिलाफ गांधी की टिप्पणी को लेकर सवालों का जवाब दे रहे थे।
भारतीय-अमेरिकी समुदाय को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा था कि भारतीय राजनीति से प्रेम, सम्मान और विनम्रता गायब हैं। उन्होंने भारत को एक ‘विचार’ मानने के लिए आरएसएस की आलोचना भी की। राहुल ने कहा था, आरएसएस मानता है कि भारत एक विचार है। हम मानते हैं कि भारत विचारों की विविधता वाला देश है।
 
कांग्रेस नेता ने रविवार को डलास में अपनी वर्तमान अमेरिका यात्रा पर भारतीय प्रवासियों के साथ अपनी पहली बातचीत के दौरान यह टिप्पणी की। गांधी अमेरिका की चार दिवसीय अनौपचारिक यात्रा पर हैं। इस दौरान वह डलास, टेक्सास और वाशिंगटन की यात्रा करेंगे और भारतीय मूल के लोगों एवं युवाओं से बातचीत करेंगे।
सोमवार से शुरू हुई वॉशिंगटन की अपनी यात्रा के दौरान उनकी अमेरिका के सांसदों और वहां की सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से मिलने की भी योजना है। गांधी ने भारत में विनिर्माण पर ध्यान केंद्रित किए जाने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा है कि वैश्विक उत्पादन में चीन का प्रभुत्व है इसलिए वह बेरोजगारी का सामना नहीं कर रहा है जबकि भारत और अमेरिका समेत पश्चिमी देश बेरोजगारी की समस्या से जूझ रहे हैं।
 
इस पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाटिया ने कहा कि राहुल गांधी चीन के खिलाफ एक भी शब्द नहीं बोल सकते और न ही कोई बयान दे सकते हैं। उन्होंने कहा, वह भारत को कमजोर करते हैं। वह चीन के साथ खड़े हैं। भाटिया ने दावा किया कि कांग्रेस ने अपने शासन के दौरान चीन के साथ 'पार्टी-टू-पार्टी एमओयू' पर हस्ताक्षर किए थे।
 
उन्होंने कहा, राहुल गांधी भारतीय लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं, यह उसी समझौता ज्ञापन का नतीजा है। अगर मैं गलत हूं तो मैं राहुल गांधी और (कांग्रेस अध्यक्ष) मल्लिकार्जुन खरगे को चुनौती देता हूं कि वे एमओयू (सहमति पत्र) को सार्वजनिक करें।
 
भाजपा के एक अन्य प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने कहा कि राहुल जिस तरह से भारत की निंदा करते हैं और विदेशी धरती पर चीन की प्रशंसा करते हैं, वह साबित करता है कि वह और कुछ नहीं बल्कि 'चीनी चंदे पर फलने-फूलने वाले भारत विरोधी मोहरे हैं'। शुक्ला ने कहा कि चीन में बेरोजगारी की दर 17 प्रतिशत से ज्यादा है लेकिन गांधी कहते हैं कि पड़ोसी देश में बेरोजगारी नहीं है।
 
टेक्सास विश्वविद्यालय में छात्रों से बातचीत के दौरान गांधी ने यह भी कहा कि भाजपा और आरएसएस का मानना है कि महिलाओं को एक खास भूमिका तक सीमित रखना चाहिए- उन्हें घर पर रहना चाहिए, खाना बनाना चाहिए और बहुत अधिक बात नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा, हमारा मानना है कि महिलाओं को वह सब करने की अनुमति दी जानी चाहिए जो हर कोई करना चाहता है।
webdunia
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी की टिप्पणी के लिए उनकी आलोचना की और कहा कि आरएसएस ने लाखों स्वयंसेवक खड़े किए हैं जिन्होंने 'अपना तन, मन और पूरा जीवन देश को समर्पित' कर दिया। उन्होंने कहा, राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं और विपक्ष के नेता भी देश के प्रति जवाबदेह हैं।
 
चौहान ने कहा कि विदेश जाकर देश की छवि खराब करना देशद्रोह जैसा अपराध है। कोई देशभक्त व्यक्ति ऐसा नहीं करता लेकिन ऐसा लगता है कि कांग्रेस को (लोकसभा चुनाव में) लगातार तीन बार हार मिलने के बाद राहुल गांधी हताश हैं।
 
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने राहुल गांधी पर भारत, आरएसएस और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बारे में झूठ फैलाने का आरोप लगाया और कांग्रेस नेता से कहा कि राजनीतिक लड़ाई विदेश में नहीं, बल्कि देश में लड़ें। उन्होंने कहा, क्या आपने जॉर्ज बुश, डोनाल्ड ट्रंप, बिल क्लिंटन या जो बाइडन को विपक्ष में रहते हुए किसी अन्य देश में अमेरिका के बारे में बुरा बोलते सुना है? उन्होंने अपने देश के बारे में कभी बुरा नहीं कहा।
 
उन्होंने कहा, लेकिन राहुल गांधी यह कर सकते हैं। वह ऐसा कर रहे हैं। राहुल गांधी देश, प्रधानमंत्री और आरएसएस की जानकारी के बिना झूठ बोल रहे हैं। सत्ता से दूर रहने की उनकी हताशा दूर नहीं हो रही है। यह अक्सर तब देखा जाता है जब कोई शाही परिवार में पैदा होता है और सत्ता खो देता है।
webdunia
भाजपा के एक अन्य प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने राहुल गांधी पर महिलाओं के खिलाफ अत्याचार के मुद्दे पर चुनिंदा आधार पर चुप्पी साधे रखने का आरोप लगाया और कांग्रेस नेता से पूछा कि उन्होंने कोलकाता की एक चिकित्सक के कथित बलात्कार एवं हत्या तथा केरल कांग्रेस की नेता सिमी रोजबेल जॉन को पार्टी से निष्कासन पर क्यों चुप हैं।
 
उन्होंने कहा, वैसे आपकी (राहुल गांधी की) पार्टी के विधायक शिवशंकरप्पा (कर्नाटक) ने कहा था कि खाना बनाना महिलाओं का काम है। आपकी पार्टी के एक विधायक शांति धारीवाल ने कहा था कि (राजस्थान में) बलात्कार होता है क्योंकि यह पुरुषों का राज्य है। इसलिए आपको अपनी पार्टी के लोगों के बारे में बात करनी चाहिए और उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।(भाषा)
Edited By : Chetan Gour 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

Apple Event 2024 : 79,900 में iPhone 16 लॉन्च, AI फीचर्स मिलेंगे, एपल ने वॉच 10 सीरीज भी की पेश