Publish Date: Tue, 20 Aug 2024 (20:10 IST)Updated Date: Tue, 20 Aug 2024 (20:12 IST)
BJP Rajya Sabha Candidate list : भाजपा ने राज्यसभा के लिए अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। जॉर्ज कुरियन को मध्यप्रदेश से उम्मीदवार बनाया गया है। किरण चौधरी को हरियाणा से उम्मीदवार बनाया गया है। रवनीत सिंह बिट्टू को राजस्थान से उम्मीदवार बनाया गया है। नौ राज्यों में राज्यसभा की 12 रिक्त सीट के लिए चुनाव तीन सितंबर को होगा।
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मंगलवार को राज्यसभा की 9 सीट के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी। केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कूरियन को मध्य प्रदेश से, जबकि रवनीत सिंह बिट्टू को राजस्थान से प्रत्याशी बनाया गया है।
पार्टी की ओर से जारी उम्मीदवारों की सूची के मुताबिक, करीब दो माह पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुईं किरण चौधरी को हरियाणा से उम्मीदवार बनाया है। चौधरी ने मंगलवार सुबह हरियाणा विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।
भारतीय जनता पार्टी की केन्द्रीय चुनाव समिति ने विभिन्न राज्यों में होने वाले आगामी राज्यसभा के उप-चुनाव हेतु निम्नलिखित नामों पर अपनी स्वीकृति प्रदान की है। pic.twitter.com/0TFtIv3t9c
कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा के रोहतक क्षेत्र से लोकसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद हरियाणा में राज्यसभा की एक सीट पर उपचुनाव की आवश्यकता पैदा हुई है। इस सीट के लिए नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन बुधवार है। विधानसभा में भाजपा विधायकों की संख्या को देखते हुए पार्टी की इस सीट से जीत तय मानी जा रही है।
भाजपा ने वरिष्ठ अधिवक्ता और बार काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मनन कुमार मिश्रा को बिहार से उम्मीदवार बनाया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा बिहार से राज्यसभा की दूसरी सीट के लिये सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार हैं।
बिहार में राज्यसभा की दो सीट के लिए उपचुनाव होने हैं। उच्च सदन की ये सीट विवेक ठाकुर (भाजपा) और मीसा भारती (राजद) के लोकसभा के लिए चुने जाने के बाद खाली हुई हैं।
भाजपा ने असम से मिशन रंजन दास और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली को, महाराष्ट्र से धैर्यशील पाटिल, ओडिशा से ममता मोहंता और त्रिपुरा से राजीव भट्टाचार्य को उम्मीदवार घोषित किया है। ममता मोहंता हाल में ही बीजू जनता दल (बीजद) छोड़कर भाजपा में शामिल हुई हैं। भट्टाचार्य भाजपा की त्रिपुरा इकाई के अध्यक्ष हैं।
पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने तेली का असम की डिब्रूगढ़ संसदीय सीट से टिकट काट दिया था और उनकी जगह केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनावाल को उम्मीदवार बनाया गया था। भाजपा सूत्रों ने कहा कि तेली को इसी की भरपाई के रूप में राज्यसभा सीट से नवाजा गया है।
सोनोवाल और कामाख्या प्रसाद तासा के लोकसभा के लिए निर्वाचित होने के कारण असम से राज्यसभा की दो सीट पर उपचुनाव की आवश्यकता हुई है। सोनोवाल की डिब्रूगढ़ और तासा की काजीरंगा से जीत के बाद असम से राज्यसभा की दो सीट खाली हुई हैं।
पीयूष गोयल, ज्योतिरादित्य सिंधिया और बिप्लब देब के लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के कारण क्रमश: महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और त्रिपुरा की एक-एक सीट पर राज्यसभा चुनाव हो रहे हैं।भारतीय जनता पार्टी की केन्द्रीय चुनाव समिति ने विभिन्न राज्यों में होने वाले आगामी राज्यसभा के उप-चुनाव हेतु निम्नलिखित नामों पर अपनी स्वीकृति प्रदान की है। इनपुट भाषा
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें