Publish Date: Thu, 07 Feb 2019 (17:53 IST)
Updated Date: Thu, 07 Feb 2019 (19:43 IST)
नई दिल्ली। तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल में सीबीआई और पुलिस के बीच टकराव वाले प्रकरण का हवाला देते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा और दावा किया कि 2019 में भाजपा 'फिनिश' हो जाएगी।
राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में हिस्सा लेते हुए तृणमूल कांग्रेस के सदस्य दिनेश त्रिवेदी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तुलना झांसी की रानी से करते हुए कहा कि वे केंद्र सरकार की ओर से किए जाने वाली एजेंसियों के दुरुपयोग से डरने वाली नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, नोटबंदी, कृषि संकट और अर्थव्यवस्था की बदहाली 4 ऐसे मुद्दे हैं, जो भाजपा सरकार को विपक्ष में बैठाएंगे। 2019 में भाजपा 'फिनिश' हो जाएगी। त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि लोकतंत्र खतरे में है और सरकारी संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है। भाजपा के लिए श्रीराम अयोध्या में हैं, लेकिन हमारे लिए श्रीराम कण-कण में हैं, हर व्यक्ति में हैं। (भाषा)