Publish Date: Sat, 11 Mar 2017 (23:11 IST)
Updated Date: Sat, 11 Mar 2017 (23:16 IST)
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में चली मोदी की 'आंधी' में तमाम चुनावी समीकरणों तथा अनुमानों को हवा में उड़ाते हुए भारतीय जनता पार्टी ने तीन चौथाई बहुमत हासिल कर नया इतिहास रच दिया और करीब डेढ़ दशक बाद राज्य में फिर से 'कमल' खिल गया। राज्य की 403 सीटों में से 312 भाजपा की झोली में गई हैं। यह राज्य में उसके लिए अब तक की सबसे बड़़ी जीत है।
पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के शनिवार को घोषित परिणामों में उत्तराखंड में भी भाजपा को प्रचंड बहुमत मिला है जबकि पंजाब में कांग्रेस ने अकाली भाजपा गठबंधन को करारी शिकस्त देते हुए दो तिहाई बहुमत हासिल कर एक दशक बाद सत्ता में वापसी की है। गोवा और मणिपुर में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिल पाया है। उत्तराखंड की कुल 70 सीटों में 56 सीटें जीतकर भाजपा तीन चौथाई बहुमत हासिल कर चुकी है और एक सीट पर उसका उम्मीदवार आगे चल रहा है। सत्तारुढ़ कांग्रेस को सिर्फ 11 सीटें मिल पाई हैं और दो सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीती हैं।
पार्टी के लिए बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे पंजाब में कांग्रेस ने सभी अनुमानों को ध्वस्त करते हुए कुल 117 सीटों में से 77 पर जीत हासिल की है। राज्य में पहली बार चुनाव मैदान में उतरी आम आदमी पार्टी को 20 सीटें मिली हैं। शिरोमणि अकाली दल को 15 तथा भाजपा को तीन सीटों के साथ संतोष करना पड़ा है। दो सीटें लोक इंसाफ पार्टी को मिली हैं।
गोवा की 40 सदस्यीय विधानसभा में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है और कांग्रेस 17 सीटों के साथ सबसे बड़े दल के रूप में उभरी है। भाजपा 13 सीटों के साथ दूसरे नंबर पर है। महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी और गोवा फारर्वड पार्टी को तीन-तीन सीटें मिली हैं जबकि तीन सीटें निर्दलियों की झोली में गई हैं। एक सीट पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी विजयी रही है।
मणिपुर में भी कोई दल स्पष्ट बहुमत हासिल नहीं कर पाया है। वहां 60 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस 28 सीटें हासिल कर कांग्रेस सबसे बड़े दल के रूप में उभरी है। भाजपा 21 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर है। नागा पीपुल्स फ्रंट तथा नेशनल पीपुल्स पार्टी को चार-चार सीटें मिली हैं। एक-एक सीट लोक जनशक्ति पार्टी और तृणमूल कांग्रेस को मिली है, जबकि एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार ने जीती है। लोक जनशक्ति पार्टी ने वहां भाजपा को समर्थन देने की घोषणा की है। (वार्ता)
webdunia
Publish Date: Sat, 11 Mar 2017 (23:11 IST)
Updated Date: Sat, 11 Mar 2017 (23:16 IST)