Publish Date: Fri, 20 Dec 2019 (07:57 IST)
Updated Date: Fri, 20 Dec 2019 (08:07 IST)
नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून (CAA) को लेकर हो रहे प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने उत्तर प्रदेश और कर्नाटक के कई शहरों में इंटरनेट सर्विसेज को बंद कर दिया गया है।
संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार को हुई हिंसा के बाद राज्य सरकार ने राजधानी में शनिवार दोपहर तक मोबाइल इंटरनेट एवं एसएमएस सेवाएं बंद दी।
गाजियाबाद में भी गुरुवार रात 10 बजे से 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगा दी गई है। साथ ही प्रयागराज में भी 19 दिसंबर देर शाम से लेकर 20 दिसंबर सुबह 10 बजे तक के लिए इंटरनेट सेवाएं स्थगित रहेंगी। यूपी के अलीगढ़, मेरठ, आजमगढ़ में भी मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हिंसक प्रदर्शन पर सख्त रुख अपनाया था और सार्वजनिक संपत्ति को हुई नुकसान की भरपाई उपद्रवियों की संपत्ति से करने की बात की थी।
उधर कर्नाटक सरकार ने गुरुवार को दक्षिण कन्नड जिले में अगले 48 घंटों के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी। यह कदम मंगलुरु शहर में संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद उठाया गया।
इस बारे में जारी अधिसूचना में कहा गया कि यह फैसला सोशल मीडिया मंचों का दुरुपयोग रोकने और शांति व्यवस्था को भंग होने से बचाने के लिए किया गया है।