Publish Date: Sat, 07 Sep 2019 (11:28 IST)
Updated Date: Sat, 07 Sep 2019 (11:35 IST)
चंद्रयान-2 मिशन के दौरान भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) का संपर्क लैंडर विक्रम के साथ टूटने के बाद 'सॉफ्ट लैंडिंग' के बारे में कोई सूचना नहीं मिल पाई। भले ही इससे वैज्ञानिक हों, लेकिन पूरा देश इसरो के साथ खड़ा है। इसी दौरान पूर्व बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने भी ट्वीट कर इसरो का हौसला बढ़ाया है।
चंद्रयान-2 मिशन के दौरान भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) का संपर्क लैंडर विक्रम के साथ टूटने के कारण अभी 'सॉफ्ट लैंडिंग' के बारे में कोई सूचना नहीं मिल पा रही है। लेकिन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के चंद्रयान-2 मिशन को सफल बनाने के महत्वाकांक्षी प्रयास पर देश का हर नागरिक गौरव बता रहा है।
इसी बीच पूर्व धाकड़ बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने इसरो का हौसला बढ़ाने वाला ट्वीट किया है। सहवाग ने ट्वीट करते हुए लिखा है- ख्वाब अधूरा रहा पर हौसला जिंदा है, इसरो वो है, जहां मुश्किलें शर्मिंदा हैं... हम होंगे कामयाब चंद्रयान-2...
शुक्रवार देर रात लैंडर विक्रम चांद की सतह से महज 2.1 किलोमीटर की दूरी पर आकर अपने रास्ते से भटक गया। देर रात लगभग 1 बजकर 38 मिनट पर लैंडर विक्रम को चांद की सतह पर लाने की प्रक्रिया शुरू की गई थी, लेकिन सतह पर पहुंचने से करीब 2.1 किलोमीटर पहले ही उसका इसरो (ISRO) से संपर्क टूट गया।
लेकिन अब भी विक्रम और प्रज्ञान से संपर्क की उम्मीदें बाकी हैं और यह किसी चमत्कार से कम नहीं होगा। रात करीब 1.52 बजे चांद पर उतरने के अंतिम चरण में चंद्रयान-2 पहुंच चुका था लेकिन उसके बाद चंद्रयान का संपर्क धरती पर मौजूद स्टेशन से टूट गया।