Publish Date: Thu, 13 Feb 2020 (07:16 IST)
Updated Date: Thu, 13 Feb 2020 (07:19 IST)
मुंबई। आरक्षण पर BJP और RSS उलझती नजर आ रही है। महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख एवं राज्य के राजस्व मंत्री बालासाहेब थोराट ने बुधवार को आरएसएस और भाजपा पर आरक्षण विरोधी होने का आरोप लगाया और कहा कि वे अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग को संविधान द्वारा दिए गए आरक्षण को समाप्त करने का प्रयास कर रहे हैं।
थोराट मंत्रालय के निकट महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास आयोजित 'भाजपा हटाओ, आरक्षण बचाओ' रैली में बोल रहे थे। इस रैली का आयोजन उनके नेतृत्व में किया गया था।
थोराट ने कहा, 'आरएसएस और भाजपा आरक्षण विरोधी हैं। उत्तराखंड में भाजपा सरकार और केंद्र की मोदी सरकार, संविधान द्वारा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग को दिये गये आरक्षण को समाप्त करने का प्रयास कर रही हैं।'
उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड में भाजपा सरकार ने उच्चतम न्यायालय को बताया है कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति समुदाय के लोगों को नौकरियों में आरक्षण देना उसका संवैधानिक दायित्व नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कभी ऐसा नहीं होने देगी और आरक्षण बचाने के लिए भाजपा के खिलाफ संघर्ष शुरू करेगी।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति को धनराशि उनकी जनसंख्या के अनुपात में देना शुरू किया था लेकिन मोदी सरकार ने उसे समाप्त कर दिया तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति उपयोजना को कम राशि दी गई।