Publish Date: Thu, 14 Jun 2018 (16:21 IST)
Updated Date: Thu, 14 Jun 2018 (16:40 IST)
नई दिल्ली। मध्यप्रदेश के गुना से भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। इस बार उन्होंने अपने विवादित बयान के जरिए महिलाओं को नसीहत देते हुए कहा है कि वे भले ही बांझ रहें, मगर ऐसे बच्चे को जन्म न दें, जो संस्कारी न हों और जो समाज में विकृति पैदा करते हों।
खबरों के मुताबिक, भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य ने बुधवार को एक कार्यक्रम को संबोधित करने के दौरान कहा कि कांग्रेस गरीबी हटाओ के नारे के साथ आई, मगर उसने गरीब को ही हटा दिया। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में गलत नीतियां बनाने वाले नेता पैदा हुए।
उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा, महिलाएं बांझ रहें, मगर ऐसे बच्चे पैदा न करें, जो न तो संस्कारी हों, और समाज में विकृति पैदा करते हों।' उल्लेखनीय है कि भाजपा के ये वही विधायक पन्नालाल शाक्य हैं, जिन्होंने विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की शादी पर भी सवाल उठाया था। शाक्य ने कहा था, विराट ने पैसा भारत में कमाया, लेकिन विवाह संस्कार करवाने के लिए उन्हें हिन्दुस्तान में कहीं जगह नहीं मिली। क्या हिन्दुस्तान इतना अछूत है।
उन्होंने कहा, भगवान राम, भगवान कृष्ण, विक्रमादित्य, युधिष्ठिर का विवाह इसी भूमि पर हुआ है। आप सबके भी हुए होंगे या होने वाले होंगे। मगर हममें से विवाह करने के लिए कोई विदेश नहीं जाता। (कोहली) उन्होंने पैसा यहां कमाया और विवाह में अरबों रुपए वहां (इटली) खर्च किए।