Publish Date: Thu, 11 May 2023 (11:11 IST)
Updated Date: Thu, 11 May 2023 (11:15 IST)
Cyclone Mocha News : बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरे दबाव का क्षेत्र बुधवार रात को चक्रवाती तूफान मोचा में बदल गया और इसके कारण बांग्लादेश में कॉक्स बाजार और म्यांमा में सित्त्वे के बीच बारिश होने की संभावना है। मोचा के कारण ओडिशा, पश्चिम बंगाल और अंडमान में भारी बारिश होने की संभावना है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे चक्रवाती तूफान पोर्ट ब्लेयर के 510 किलोमीटर दक्षिण पश्चिम में था। इस तूफान के आज रात गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने का अनुमान है। यह 13 मई की शाम को अपने चरम पर पहुंचेगा और फिर इसके 14 मई की सुबह से थोड़ा कमजोर होने की संभावना है।
इस तूफान के कॉक्स बाजार और क्यॉकप्यू के बीच दक्षिण-पूर्व बांग्लादेश और उत्तरी म्यांमा के तटों को 120-130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पार करने की संभावना है।
IMD के अनुसार, उड़ीसा और पश्चिम बंगाल के समुद्री तटों पर भी तेज हवाओं के साथ बारिश देखने को मिल सकती है। अंडमान निकोबार द्वीप समूह में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मछुआरों को 13 मई तक समुद्र में नहीं जाने की चेतावनी भी दी गई है।
अंडमान सागर और बंगाल की दक्षिणपूर्व खाड़ी में आज समुद्र की स्थिति बहुत खराब रहेगी। लहर की ऊंचाई बहुत अधिक होगी, 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तथा बीच-बीच में 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
webdunia
Publish Date: Thu, 11 May 2023 (11:11 IST)
Updated Date: Thu, 11 May 2023 (11:15 IST)