Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

दिल्ली में बाढ़ से हाहाकार, यमुना खादर बना टापू, लाल किला पानी-पानी

हमें फॉलो करें delhi flood
, गुरुवार, 13 जुलाई 2023 (12:25 IST)
Delhi Flood : हथिनी बैराज कुंड से पानी छोड़ने के बाद से राजधानी दिल्ली में यमुना का जल स्तर लगातार बढ़ रहा है। आज सुबह पानी खतरे के निशान से 3 मीटर ऊपर 208.57 मीटर पर पहुंच गया। देखते ही देखते पानी शहर में घुस गया। दिल्ली सचिवालय से लेकर यमुना खादर, राजघाट और लाल किले तक पानी ही पानी नजर आ रहा है। जलजमाव की वजह से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कहा जा रहा है कि जल्द ही पानी सीएम हाउस तक पहुंच सकता है।
यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद मयूर विहार फेज 1 के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घूस गया। इस वजह से कई लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा। लोगों ने फ्लाइओवर ने नीचे शरण ली है। यमुना खादर इलाका टापू बन गया है। यहां से लोगों को निकालने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।
 
webdunia
इस बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बढ़ते हुए जल स्तर के कारण, यमुना के आस पास की सड़कों पर आ गया है। आपसे अनुरोध है कि इन रास्तों पर ना जायें। जिन आबादी वाले इलाकों में पानी भरा है, वहां से लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने दिल्ली वालों से इस आपातकाल स्थिति में एक दूसरे का हर संभव सहयोग करने की अपील की।
 
सीएम केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि यमुना में बढ़ते जल स्तर की वजह से वजीराबाद, चन्द्रावल और ओखला वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद करने पड़ रहे हैं। इस वजह से दिल्ली के कुछ इलाकों में पानी की परेशानी होगी। जैसे ही यमुना का पानी कम होगा, इन्हें जल्द से जल्द चालू करने की कोशिश करेंगे।
 
एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा कि दिल्ली के जिन इलाकों में पानी भर रहा है वहां पर सब सरकारी व प्राइवेट स्कूलों को बंद कर रहे हैं।
 
दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने कहा ‍कि बढ़ते जल स्तर के कारण एहतियाती तौर पर यमुना के 4 पुलों को मेट्रो ट्रेन 30 किलोमीटर प्रति घंटे की सीमित गति से पार कर रही है। नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन पर प्रवेश और निकास अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। हालांकि इंटरचेंज सुविधा अभी भी उपलब्ध है और ब्लू लाइन पर सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं।
 
भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि आज जब बाढ़ के कारण जनता अपने घरों को छोड़ बाहर आ गई है तब केजरीवाल को याद आया है कि उन्हें अपने घर से बाहर आना है। फोटो खिचवाने के लिए केजरीवाल वजीराबाद पहुंच रहे हैं। हम 6 दिन से कह रहे हैं कि केजरीवाल लापता हैं। भाजपा के दबाव में केजरीवाल को सिर्फ फोटो खिचवाने के लिए बाहर आना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में 3 वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद कर दिए गए हैं, इसका मतलब साफ है कि दिल्ली की जनता को पीने की पानी की कमी होगी। इस सब के जिम्मेदार सिर्फ और सिर्फ अरविंद केजरीवाल हैं।
 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

Himachal: हिमाचल में फंसे 290 पर्यटकों को निकालने का प्रयास जारी