Publish Date: Sun, 16 Apr 2017 (11:14 IST)
Updated Date: Sun, 16 Apr 2017 (11:28 IST)
नई दिल्ली। वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने पत्थरबाजों के समर्थन में एक विवादित बयान देते हुए कहा कि कश्मीरियों को सेना और आतंकी दोनों मारते हैं।
एक समाचार चैनल की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने कहा कि कश्मीरी लोगों को एक तरफ आतंकवादी मारते हैं, दूसरी तरफ भारतीय सेना के जवान। दिग्विजय सिंह ने कश्मीरियों द्वारा सीआरपीएफ जवानों के साथ की गई मारपीट के वीडियो को भी नकली करार दिया। हालांकि उन्होंने सेना पर पथराव करने वालों के खिलाफ कुछ भी नहीं कहा।
कश्मीर में युवाओं द्वारा सीआरपीएफ जवानों के साथ बदसूलकी और कश्मीरी युवक को कथित तौर पर जीप के आगे बांधकर घूमने का वीडियो सामने आया था। इसके बाद कांग्रेस महासचिव दिग्विजय ने यह बयान दिया।
इससे पहले दिग्विजय सिंह ने ट्विटर पर लिखा- मैं मानता हूं कि अगर आप कश्मीर चाहते हैं तो पहले आपको कश्मीरियों को जीतना होगा। पीडीपी और भाजपा के बीच बुनियादी मुद्दों पर विरोधाभास कश्मीरी लोगों के बीच आत्मविश्वास का आह्वान नहीं करता है।