Publish Date: Sat, 09 Oct 2021 (10:43 IST)
Updated Date: Sat, 09 Oct 2021 (10:48 IST)
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय में दाखिले के लिए विश्वविद्यालय की दूसरी कट ऑफ सूची शनिवार को जारी होगी। दूसरी सूची के आधार पर दाखिले की प्रक्रिया 11 अक्टूबर, 2021 से शुरू होकर 13 अक्टूबर, 2021 तक पूरी की जाएगी।
स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए विश्वविद्यालय के कॉलेजों में 70,000 सीट हैं। पहली कटऑफ सूची के तहत 36,130 विद्यार्थियों के प्रवेश प्रक्रिया पूरा करने के बाद विश्वविद्यालय के कॉलेजों में आधी से कुछ ज्यादा सीटें भर चुकी हैं।
विश्वविद्यालय को एक अक्टूबर को घोषित पहली कट ऑफ सूची के तहत 60,904 आवेदन मिले थे। आठ कॉलेजों ने पहली सूची में 10 पाठ्यक्रमों के लिए अपना कट ऑफ 100 फीसदी रखा था।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार इस सूची के लिए दाखिला प्रक्रिया शुक्रवार रात 11 बजकर 59 मिनट पर खत्म हो गई और भुगतान के लिए भी यह अंतिम तारीख थी। इस समय तक 36,130 विद्यार्थियों ने फीस जमा कर दी थी।