LoC पर पाक गोलाबारी से 11 की मौत, 100 से ज्यादा जख्मी
भयानक तबाही, सैंकड़ों ने किया पलायन और हजारों ने बंकरों में ली शरण
Publish Date: Wed, 07 May 2025 (10:32 IST)
Updated Date: Wed, 07 May 2025 (17:56 IST)
Firing on LoC : पाकिस्तान से सटी एलओसी पर पाक सेना द्वारा ऑपरेशन सिंदूर के जवाब में की जाने वाली भयानक गोलाबारी में समाचार भिजवाए जाने तक 11 भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी थी और 100 से अधिक गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे।
एलओसी से सटे इलाकों में भयानक मंजर के बीच हजारों लोग घर बार छोड़ भाग रहे हैं। कुछेक हिम्मत कर बंकरों में दुबके हुए हैं जबकि उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने इंटरनेशनल बार्डर पर जीरो लाइन से सटे गांवों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का निर्देश दिया है।
रक्षा अधिकारियों ने बताया कि पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत द्वारा पाकिस्तान के अंदर सटीक हवाई हमले किए जाने के बाद जम्मू कश्मीर के कई इलाकों में एलओसी पर पाकिस्तान की ओर से की गई गोलाबारी में 11 नागरिक मारे गए और 100 से अधिक घायल हो गए। फिलहाल आधिकारिक तौर पर 7 के मरने की पुष्टि की जा चुकी थी।
एक अधिकारी ने बताया कि आज सुबह पुंछ और मेंढर सेक्टरों में एलओसी पर पाकिस्तान की ओर से की गई भारी गोलाबारी में 7 लोग मारे गए और 38 घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि उड़ी के सलामाबाद के नौपोरा और कलगे इलाकों में सीमा पार से की गई गोलाबारी में दस नागरिक घायल हो गए, जबकि राजौरी में तीन नागरिक घायल हो गए। घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य सुविधाओं में ले जाया गया है। इनमें भी बाद में चार ने दम तोड़ दिया।
अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने लगातार 13वें दिन नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर भारी मोर्टार और तोपखानों से गोलाबारी की। भारत और पाकिस्तान के बीच फरवरी 2021 में हुए संघर्ष विराम समझौते के बाद से जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर यह पहली बड़ी नागरिक हताहती है।
edited by : Nrapendra Gupta