Publish Date: Tue, 02 Jan 2018 (12:35 IST)
Updated Date: Tue, 02 Jan 2018 (12:47 IST)
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में कोहरे का कहर जारी है और इसका प्रभाव रेल और विमान सेवाओं पर ज्यादा पड़ रहा है। धुंध के कारण मंगलवार को 25 रेल सेवाओं को रद्द किया गया, 24 का रास्ता बदला गया और 68 देरी से चलीं। दृश्यता की कमी की वजह से 20 उड़ानों में देरी हुई।
मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्दता 100 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई। थोड़ा दिन चढ़ने के साथ कोहरे की चादर कमजोर पड़ी, लेकिन रेल और वायु यातायात को इसका कोई खास फायदा नहीं मिला। हवा की गुणवत्ता सोमवार की तरह 'खराब श्रेणी' में रही।
केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार मंगलवार को वायु की गुणवत्ता 'बेहद खराब' स्तर पर रही। राष्ट्रीय राजधानी का सामान्य एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 390 था, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है।
मौसम विभाग के अनुसार दिन के समय आम तौर पर आसामन साफ रहने का अनुमान है, लेकिन कहीं-कहीं धुंध की स्थिति बनी रह सकती है। अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है जो इस मौसम का सामान्य से एक डिग्री अधिक है। कल का अधिकतम तापमान 20.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। (वार्ता)