इंदौर। पाकिस्तान से भारत आई भारत की बेटी गीता ने मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में रीगल चौराहे पर झंडा वन्दन कार्यक्रम में भाग लेकर तिरंगा फहराया। इस मौके पर वह भावुक हो गई।
अपना समूह द्वारा रीगल चौराहे पर आयोजित गणतंत्र समारोह के आयोजन में शामिल हुई। 12 साल तक पाकिस्तान में रहने के बाद अपने वतन लौटी गीता ने गांधीजी की प्रतिमा के सामने तिरंगा फहराकर मूक बधिर बच्चों को रोजगार देने के अभियान की शुरुआत की। इस मौके पर सैकड़ों मूक बधिर बच्चे मौजूद थे।
गणतंत्र दिवस पर अपना समूह ने अनूठे ढंग से तिरंगा अभियान मनाया। इस मौके पर गीता 90 फीट ऊंचे पोल पर तिरंगा फहराया। इसके बाद बापू के सामने सैकड़ों मूक बधिर बच्चे अपनी खास भाषा यानी साइन लैंग्वेज में राष्ट्रगान किया। ध्वजारोहण के बाद गीता की मौजूदगी में अपना समूह द्वारा इंदौर के हजारों मूक बधिरों को सम्मानपूर्वक रोजगार देने के लिए बनाई स्किल डेवलपमेंट और एम्प्लायमेंट की मुहिम की शुरुआत की।
समारोह के बाद गीता को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। समूह द्वारा मूक बधिर संगठन को विशेष बच्चों की शिक्षा के लिए एक लाख रुपए की श्रद्धा निधि भी दी गई।
चित्र सौजन्य : धर्मेंद्र सांगले