Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

क्या भारत की अर्थव्यवस्था 4000 अरब डॉलर के पार हो गई है?

हमें फॉलो करें क्या भारत की अर्थव्यवस्था 4000 अरब डॉलर के पार हो गई है?
, सोमवार, 20 नवंबर 2023 (19:14 IST)
Economy crosses 4000 million dollars: भाजपा के कुछ मंत्रियों और नेताओं द्वारा दावा किया जा रहा है कि भारत का सकल घरेलू उत्पाद (GDP) यानी अर्थव्यवस्था 4000 अरब डॉलर के पार हो गई है। जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी और तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष डी पुरंदेश्वरी ने इसको लेकर ट्‍वीट भी किए हैं।
 
हालांकि सरकार की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं आई है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस के अलावा अरबपति कारोबारी गौतम अडाणी ने भी इसकी सराहना की है। दूसरी ओर, कांग्रेस ने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए आरोप लगाया कि यह ‘फर्जी’ खबर केवल सुर्खियों में बने रहने के लिए है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि कुछ केंद्रीय मंत्रियों और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री ने ‘फर्जी’ दावा किया है।
 
क्या कहा जयराम रमेश ने : रमेश ने कहा कि रविवार अपराह्न 2.45 बजे से शाम 6.45 बजे के बीच जब पूरा देश क्रिकेट मैच देख रहा था, तभी राजस्थान और तेलंगाना से ताल्लुक रखने वाले वरिष्ठ केंद्रीय मंत्रियों समेत मोदी सरकार के अनेक पैरोकारों, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के सबसे पसंदीदा उद्यमी ने पोस्ट किया कि कल ही भारत की जीडीपी 4000 अरब डॉलर के स्तर को पार कर गई। रमेश ने कहा- यह चाटुकारिता तथा सुर्खियों दोनों के प्रबंधन का निराशाजनक प्रयास था।
 
क्या सरकार समर्थकों ने : महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को ‘एक्स’ पर लिखा, ‘ऐसा होता है गतिशील और दूरदृष्टा नेतृत्व। इस तरह हमारा नया भारत प्रगति कर रहा है। उन्होंने लिखा कि हमारा देश चार हजार अरब डॉलर जीडीपी के स्तर को पार कर गया। भारतवासियों को बधाई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का सम्मान बढ़े। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने ‘एक्स’ पर एक ग्राफिक साझा करते हुए इस बारे में टिप्पणी की।
अरबपति कारोबारी गौतम अडाणी ने भारतीय अर्थव्यवस्था के 4,000 अरब डॉलर का आंकड़ा पार करने की सराहना की लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अडाणी ने 'एक्स' पर लिखा, 'बधाई हो भारत। भारत के 4400 अरब डॉलर वाले जापान और 4300 अरब डॉलर वाले जर्मनी को पीछे छोड़कर जीडीपी के लिहाज से तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने में सिर्फ दो साल बाकी हैं। तिरंगे की उड़ान जारी है! जय हिंद।
 
वित्त मंत्रालय की चुप्पी : वित्त मंत्रालय और राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय ने इस बारे में सोशल मीडिया पर प्रसारित पोस्ट पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की। उच्च पदस्थ सूत्रों ने कहा कि खबर गलत है और भारत अभी इस स्तर पर पहुंचने से दूर है।
 
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के आंकड़ों के आधार पर सभी देशों के लिए ताजा जीडीपी आंकड़ों का एक असत्यापित स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर साझा किया गया है। इसे साझा करने वालों में सत्तारूढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेताओं सहित कई लोग शामिल हैं। सभी देशों के जीडीपी आंकड़ों की ताजा निगरानी बहुत मुश्किल है, क्योंकि अर्थव्यवस्था के विभिन्न क्षेत्रों के आंकड़े थोड़े अंतराल के साथ उपलब्ध होते हैं।
 
सोशल मीडिया मंचों पर फडणवीस सहित कई नेताओं ने इस उपलब्धि की सराहना की। इस संबंध में सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वालों में केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी और आंध्र प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डी पुरंदेश्वरी शामिल हैं। (एजेंसी/वेबदुनिया)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

Uttarakhand Tunnel Rescue : सुरंग में फंसे श्रमिकों के परिवार का यात्रा खर्च उठाएगी उत्तराखंड सरकार