Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

गर्मी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, कई शहरों में लू से हाल बेहाल, दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट

Advertiesment
हमें फॉलो करें गर्मी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, कई शहरों में लू से हाल बेहाल, दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट
, रविवार, 10 अप्रैल 2022 (12:29 IST)
नई दिल्ली। दिल्ली, राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश में रविवार को भी गर्मी से हाल बेहाल है। दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कई शहर लू की चपेट में है।
 
दिल्ली-एनसीआर में गर्म हवाओं का प्रकोप रविवार को भी जारी रहा। आईएमडी के मुताबिक आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों ने दिन में आसमान साफ रहने और राष्ट्रीय राजधानी में कुछ स्थानों पर लू चलने का पूर्वानुमान किया है। इससे पहले शनिवार को अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि पिछले पांच साल में अप्रैल के महीने में सबसे ज्यादा था।
 
 
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, गुरुग्राम में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में 21 अप्रैल 2017 को अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। गुरुग्राम का तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि औसत से 10 डिग्री ज्यादा था। गुरुग्राम में अप्रैल के महीने में अब तक का सर्वाधिक तापमान 28 अप्रैल 1979 को 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
 
स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान और जलवायु परिवर्तन) महेश पालावत ने कहा कि यह असामान्य है कि अप्रैल के पहले 10 दिन में उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।
 
मैदानी इलाकों के लिए ‘गर्म हवा’ की स्थिति तब घोषित की जाती है जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ज्यादा हो और सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री अधिक हो। ‘बेहद गर्म हवा’ की स्थिति तब होती है जब तापमान सामान्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा हो।
 
webdunia
मध्यप्रदेश के 17 शहरों में लू : राजस्थान और गुजरात से आ रही गर्म हवाओं से मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी पड़ रही है। राज्य के 17 शहरों में लू चल रही है जबकि 4 शहरों में तापमान 44 डिग्री के स्तर को पार कर गया। गर्मी को देखते हुए प्राइवेट स्कूलों को 15 अप्रैल से बंद करने की तैयारी है। सरकारी स्कूल 15 जून में शुरू होंगे।
 
राजस्थान में तेज गर्मी का दौर जारी : मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में गर्मी का दौर अभी जारी रहेगा। राज्य के अधिकांश इलाके तेज गर्मी की चपेट में हैं जहां शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान धौलपुर में 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। संगरिया में 45.0 डिग्री, पिलानी में 44.9 डिग्री, गंगानगर में 44.6 डिग्री, करौली में 44.7 डिग्री, टोंक में 44.4 डिग्री व चुरू में 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में यह 42.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
 
webdunia
गुजरात में टूटा 10 साल का रिकॉर्ड : गुजरात में भी गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है। अहमदाबाद में आज भी 44 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। कांडला, वडोदरा, राजकोट, अमरेली, जूनागढ़ आदि शहर भी भीषण गर्मी की चपेट में हैं।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

लद्दाख के नुब्रा में बड़ा हादसा, निर्माणाधीन पुल ढहने से 4 श्रमिकों की मौत