नई दिल्ली। देश के अधिकांश राज्य इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने सूरज के तीखे तेवर देखते हुए दिल्ली समेत सात राज्यों में अलर्ट जारी करते हुए कहा कि यहां भीषण गर्मी के साथ ही लू की तेज लपटें चलेंगीं। वैसे देश में सबसे ज्यादा गर्म राजस्थान का फलौंदी रहा जहां पारा 50 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। फलौंदी के बाद राजजस्थान के ही बाडमेर में 47.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
अहमदाबाद में 46.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ, जबकि दिल्ली का तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस रहा। गुजरात में मंगलवार को कई प्रमुख शहरों में 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान रहा था और आज भी पूरा गुजरात गर्मी की लपटों से बेहाल रहा।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में जिन सात राज्यों में ग्रीष्म के कहर को देखते हुए अलर्ट जारी किया है, उनमें दिल्ली, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, गुजरात, राजस्थान तथा महाराष्ट्र का विदर्भ क्षेत्र शामिल है। उत्तर पश्चिम से आ रही गर्म हवा ने बुधवार को दिल्ली के लोगों का जनजीवन बेहाल कर दिया। आज यहां पर 46.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्लीवासियों को आने वाले चार दिनों तक गर्मी से कोई राहत नहीं मिलने वाली है।
उल्लेखनीय है कि देश के दक्षिणी राज्यों में जहां मूसलाधार बारिश से लोग त्रस्त हैं तो वहीं दूसरी तरफ दिल्ली के लोग बारिश की फुहारों के लिए तरस रहे हैं। पिछले साल 28 जून को मानसून दिल्ली पहुंचा था, लिहाजा इस साल भी यहां पर जून तक ही मानसून के आने की उम्मीद है।
राजस्थान में भीषण गर्मी, फलौंदी में पारा 50 के पार : राजस्थान में झुलसाने वाली गर्मी के कारण सामान्य जन जीवन बुरी तरह से अस्तव्यस्त हो गया है। फलौदी में पारा 50 डिग्री के पार पहुंच गया।मौसम विभाग के प्रवक्ता के अनुसार प्रदेश के फलौंदी में अधिकतम तापमान 50.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राज्य के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि जैसलमेर में अधिकतम तापमान 48.8 डिग्री, बाडमेर में 48.6 डिग्री, श्रीगंगानगर में 48.5 डिग्री, बीकानेर में 48. 2 डिग्री, कोटा में 47.9 डिग्री, पिलानी में 45.5 डिग्री, डबोक में 45 डिग्री, अजमेर में 44.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गर्मी के चलते शहर के ख्यमार्गों पर बहुत कम संख्या में वाहन नजर आए। पैदल राहगीरों को छाते की छांव में देखा गया। पेड़ की छाया में खड़े गन्ने के रस के ठेलों पर और रास्ते में लगी प्याऊ पर लोगों को गला ठंडा करते हुए भी देखा गया। विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू चलने और अधिकतम तापमान में वृद्वि की संभावना जताई है।
लू की लपटों में झुलसा मध्यप्रदेश, भोपाल में पारा 45.3 : आग बरसते सूरज और लू की लपटों के बीच मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में पारा आज 45.3 डिग्री पर पहुंचा, जो इस मौसम का अब तक का शहर का सबसे अधिक तापमान है। भोपाल में कल के मुकाबले पारा दो डिग्री की छलांग लगाते हुए 45.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह सामान्य से चार डिग्री अधिक है। इंदौर में 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
47 डिग्री सेल्सियस के साथ नौगांव (छत्तरपुर) प्रदेश का सबसे गर्म नगर रहा। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान भोपाल केन्द्र के वैज्ञानिक एस.के.डे ने बताया कि गत वर्ष 2015 में 19 मई को भोपाल का अधिकतम तापमान 45 तथा 31 मई को 45.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था।
प्रदेश के अन्य शहरों में अधिकतम तापमान होशंगाबाद में 46.9, श्योपुर में 46.8, खरगौन में 46.5, खजुराहो एवं ग्वालियर में 46.4, राजगढ़ देवास और सागर में 46, दमोह में 45.6, टीकमगढ़ में 45.1, नरसिंहपुर, उज्जैन और रीवा में 45, सतना में 44.7, सीधी और बैतूल में 44.6 तथा छिंदवाड़ा में 44.2 दर्ज किया गया।
विभाग ने अगले 24 घंटों में ग्वालियर चंबल उज्जैन भोपाल, जबलपुर, सागर एवं शहडोल संभागों में तथा सतना, होशंगाबाद एवं खरगौन जिलों में तीव्र लू चलने की चेतावनी दी है। भोपाल में तापमान और बढ़ सकता है। इस बीच शहडोल अनूपपुर, डिंडोरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और बैतूल जिलों में कहीं-कहीं धूल भरी आंधी चलने की भी संभावना है। (वेबदुनिया/एजेंसी)