Publish Date: Sat, 21 Aug 2021 (10:09 IST)
Updated Date: Sat, 21 Aug 2021 (10:18 IST)
नई दिल्ली। दिल्ली में शनिवार सुबह भारी बारिश होने से मिंटो ब्रिज, मूलचंद अंडरपास और आईटीओ समेत अनेक स्थानों पर जलभराव हो गया। जलभराव की वजह से दिल्ली यातायात पुलिस ने कई अंडरपास बंद कर दिए और यात्रियों को ट्विटर के जरिए इस बारे में सूचित किया।
यातायात पुलिस ने कई ट्वीट किए जिनमें कहा कि मिंटो ब्रिज पर जलभराव के कारण यातायात बंद किया गया है, कृपया यहां जाने से बचें। इसमें आगे कहा गया कि जलभराव के कारण मूलचंद अंडरपास पर यातायात प्रभावित है।
आजाद मार्केट अंडरपास को 1.5 फुट जलभराव के कारण बंद किया गया। भारी बारिश के कारण पुल प्रह्लादपुर अंडरपास, लाजपतनगर, जंगपुरा, आईटीओ, प्रगति मैदान, संगम विहार, रोहतक रोड, मंगोलपुरी, किराड़ी और मालवीय नगर में भी सड़कों पर जलभराव की समस्या हुई।
दक्षिण दिल्ली में महरौली-बदरपुर रोड पर जलभराव के कारण यातायात प्रभावित हुआ। जगह-जगह पानी भरने की वजह से ट्राफिक को डायवर्ट किया गया।
पीडब्ल्यूडी के एक अधिकारी ने कहा कि विभाग के कर्मी समस्या को सुलझाने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि सुबह के वक्त बहुत तेज बारिश हुई, इसके कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया। हमारे कर्मी इसे ठीक करने में जुटे हैं और हम हालात पर नजर रख रहे हैं।