Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

उत्तर भारत में बदला मौसम, उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी

हमें फॉलो करें उत्तर भारत में बदला मौसम, उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी
नई दिल्ली , बुधवार, 5 अप्रैल 2017 (07:59 IST)
नई दिल्ली। देश के ज्यादातर हिस्सों में मंगलवार को लू की तपिश महसूस की गई। जम्मू कश्मीर के पहाड़ी क्षेत्रों में हिमपात और अन्य उत्तरी राज्यों के कुछ क्षेत्रों में बारिश होने के बावजूद लोगों को गर्मी से कोई राहत नहीं मिली। उत्तराखंड में मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में पहाड़ी जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 

देश में सबसे ज्यादा तापमान (43.2 डिग्री सेल्सियस) मध्य प्रदेश के खजुराहो में दर्ज किया गया। उसके बाद वर्धा (महाराष्ट्र) में 43 और डाल्टनगंज (झारखंड) में 42.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
 
राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राष्ट्रीय राजधानी में दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और शाम में हल्की बारिश हुई।
 
मौसम विभाग ने समूचे उत्तर पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ की वजह से आज भी दिल्ली और एनसीआर में बारिश, धूल भरी आंधी और गरज के साथ छींटे पड़ने का पूर्वानुमान जताया है।
 
मौसम विभाग ने शाम के बुलेटिन में कहा कि लू की स्थिति देश के ज्यादातर स्थानों पर देखी गई जबकि गंभीर लू की स्थिति पश्चिमी राजस्थान के कुछ स्थानों, पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर देखी गई। राजस्थान के पिलानी (7 मिमी) और चुरू में (0.5 मिमी) बारिश हुई।
 
हरियाणा के हिसार में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है। शहर में 0.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। नारनौल में तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है।
 
पंजाब में लुधियाना और पटियाला में क्रमश: 34.9 डिग्री और 33.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार अमृतसर, लुधियाना और पटियाला में क्रमश: 0.8 मिमी, 0.1 मिमी और 0.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
 
कश्मीर के उंचाई वाले क्षेत्रों में कई इलाकों में नए सिरे से बर्फबारी हुई जबकि घाटी के मैदानी इलाकों में बारिश हुई। राज्य के मौसम विभाग ने सप्ताहांत तक लगातार बारिश होने का अनुमान जताया है। गुरेज, राजदान पास, साधना टॉप, अफरवात और अमरनाथ गुफा समेत घाटी के उपरी इलाके के कुछ क्षेत्रों में नए सिरे से हल्की बर्फबारी हुई। राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी समेत घाटी के मैदानी इलाकों में सुबह से ही रुक-रुक कर बारिश हुई।
 
इस बीच, उत्तराखंड में मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में पहाड़ी जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, रूद्रप्रयाग और बागेश्वर जिलों में कुछ स्थानों पर आज देर रात से अगले 48 घंटों के दौरान भारी बारिश होने का अनुमान है। इस अवधि के दौरान कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि और तूफान आने की भी आशंका है।
 
दो दिन की संक्षिप्त राहत के बाद समूचे ओड़िशा में तापमान फिर से बढ़ने लगा। वहां नौ स्थानों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। अंगुल 42.7 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। प्रदेश की राजधानी भुवनेश्वर में 34.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। (भाषा) 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

गुजरात में समय पूर्व हो सकते हैं चुनाव : वाघेला