Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

देशभर में होली की धूम, जगह-जगह रंगों में नजर आई लोगों की टोलियां

हमें फॉलो करें देशभर में होली की धूम, जगह-जगह रंगों में नजर आई लोगों की टोलियां
, गुरुवार, 21 मार्च 2019 (17:39 IST)
नई दिल्ली। भाईचारे, सौहार्द्र और रंगों का त्योहार होली देश भर में परंपरागत हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया जा रहा है। रंगों और गुलाल से रंगे लोगों की टोलियां एक दूसरे से उत्साह के साथ गले मिल और गुलाल लगाकर होली की बधाई देते जगह-जगह नजर आई। इस अवसर पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों को होली की बधाई दी है।
 
 
राष्ट्रपति ने लोगों को बधाई देते हुए लिखा, 'होली के शुभ अवसर पर भारत और विदेश में रह रहे सभी देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं। रंगों का त्योहार होली वसंत का और समाज में सौहार्द का उत्सव होता है। मेरी कामना है कि यह उत्सव सभी के जीवन में शांति, सुख और समृद्धि लाने वाला हो।'
 
 
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'होली के पावन पर्व की सभी देशवासियों को ढेरों शुभकामनाएं। हर्ष और उल्लास का यह त्योहार हमारी एकता और सद्भावना के रंग को और प्रगाढ़ करे।'
 
 
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी इस अवसर देशवासियों को होली की बधाई दी है। गृहमंत्री राजनाथ सिंह पुलवामा हमले के कारण होली नहीं मनाने की पहले ही घोषणा की थी। जबकि उन्होंने देशवासियों को होली बधाई देते हुए लोगों के सुख समृद्धि और समाज में शांति और भाईचारे के और प्रगाढ़ होने की कामना व्यक्त की। केन्द्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने अपने आवास पर होली का त्योहार परंपरागत हर्षोल्लास के साथ मनाया। नकवी ने इस मौके पर लोगों के साथ पूरे उत्साह के साथ होली मनाई और आवास पर आए लोगों को गुलाल लगाया।
 
 
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री पुलवामा हमले में शहीद जवानों की याद में होली नहीं मनाने का फैसला किया। सुश्री बनर्जी ने लोगों को दिए अपने संदेश में कहा, 'मेरी तरफ से आप सब को होली की हार्दिक शुभकामनाएं। आपका जीवन आनंद और खुशी के रंगों से भर जाए। लेकिन याद रखें, आपका आनंद किसी और के लिए दुख का कारण न बन जाए। पुलवामा हमले में शहीद हुए जवानों की याद में इस वर्ष मैंने होली नहीं मनाने का फ़ैसला किया हैं।'
 
 
दिल्ली में जगह-जगह पुरुष, महिलाओं और युवाओं की टोलियां होली के रंग में नजर आए। ढोल नगाड़ों के साथ राजधानी के विभिन्न इलाकों में होली के मौके पर युवाओं में खासा उत्साह देखा गया। मस्ती में झूम रहे युवाओं की टोलियां गुलाल, अबीर लगाकर एक दूसरे से गर्म जोशी के साथ गले मिले देखे। जगह-जगह घरों पर लोग लाउडस्पीकर लगाकर होली के गानों की मस्ती में झूमते दिखे। बच्चे भी होली मनाने में किसी से पीछे नहीं थे।
 
 
होली के मौके पर किसी भी प्रकार के हुडदंग को रोकने के लिए पुलिस भी मुस्तैद दी। शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर दिल्ली पुलिस की पैनी नजर थी और जगह-जगह बैरीकेड लगाकर जांच की जा रही थी।
 
 
बॉलीवुड सितारों अक्षय कुमार, माधुरी दीक्षित, फराह खान, हेमा मालिनी और ऋतिक रोशन समेत बॉलीवुड के कई सितारों ने गुरुवार को देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी। अक्षय कुमार ने कहा, 'होली आपके जीवन में और रंगों को जोड़े। आप सभी को शुभ होली और नवरोज मुबारक।'
 
 
ऋतिक रोशन ने कहा, 'होली की भावना और रंग आपको खुशी, शांति और प्रेम से भर दें। होली मुबारक।' माधुरी दीक्षित ने कहा, 'इस होली चलिए हम सभी के लिए एक रंगीन दुनिया को चित्रित करने का प्रयास करें। सुरक्षित रहें, जिम्मेदारी के साथ आनंद लें।'
 
 
फराह खान ने कहा, 'आप सभी को होली की शुभकामनाएं। होली का रंग आपके के जीवन में खुशियां लाएं और सारी इच्छाएं पूरी हों। हर्षोल्लास का दिन है।' अभिनेत्री हेमामालिनी ने कहा, 'सभी को होली की मुबारकबाद।'
 
 
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में रंगों का पर्व होली बड़ी धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस मौके पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
 
 
प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को रंगों के त्योहार होली पर बधाई और शुभकामनाएं दी। नाईक ने होली के पर्व पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा है कि यह पावन पर्व हमें सारे भेदभाव भुलाकर आपसी सद्भाव के वातावरण में पर्व मनाने का सन्देश देता है। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि भाईचारे का यह त्योहार सभी सम्प्रदाय एवं वर्गों के बीच प्रेम-स्नेह और सौहार्द की भावना को और मजबूत बनाएगा। नाईक ने राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को होली की बधाई दी तथा उनकी सुख-समृद्धि की कामना की है।
 
 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होली मनाने गोरखपुर पहुंचे हैं। वहीं दूसरे नेता भी अपने गढ़ों या अपने संसदीय क्षेत्रों में होली खेली। इस मौके पर वह चशमा चलाए हुए थे। इस मौके पर उन्होंने प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली का पर्व हमारी गौरवशाली परम्परा, विविधता एवं सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। यह पर्व आपसी प्रेम, एकता, भाईचारे  एवं सद्भाव का संदेश देता है। होली का पर्व हमें अधर्म, असत्य एवं अन्याय से लड़ने का प्रबोधन प्रदान करने के साथ ही, अपने पर्व एवं त्योहार परस्पर प्रेम एवं सौहार्द के साथ मनाने की प्रेरणा देता आ रहा है।
 
 
भगवान कृष्ण की जन्मस्थली मथुरा में होली का अपना अलग ही रंग नजर आया।  वहां से प्राप्त समाचारों के अनुसार बांके बिहारी मंदिर के अलावा अन्य स्थानों पर धूमधाम से होली खेली गई। इस मौके पर बड़ी संख्या में देशी और विदेशी पर्यटक जगह-जगह रंगों में सराबोर नजर।
 
 
ब्रज की प्रेमभरी होली को देखकर तीर्थयात्री एक ओर भावविभोर हो गए वहीं दूसरी ओर मथुरा से लगभग 50 किलोमीटर दूर फालेन गांव की अनूठी होली देखकर वे आश्चर्यचकित रह गए। क्या कलयुग में भी तप संभव है इसका जवाब हजारों होली प्रेमियों को आज तड़के साढ़े चार बजे उस समय मिला जब कि इस गांव की विशाल धधकती होली से बाबूलाल पण्डा पलक झपकते ही तालियों की गड़गड़ाहट में निकल  गया।
 
 
उधर मथुरा हो या वृन्दावन, बरसाना हो या नन्दगांव, गोकुल हो या बल्देव सभी जगह ब्रज की सतरंगी होली की धूमधाम से खेली गई।  तीर्थयात्रियों का सबसे अधिक जमावड़ा मंदिरों में था। द्वारकाधीश मंदिर में तो द्वापर के समय जैसी होली खेली गई। मंदिर के मुखिया पिचकारी से टेसू का गुनगुना रंग तीर्थयात्रियों पर डाल रहे थे और तीर्थयात्री प्रसादस्वरूप इसे ग्रहणकर आनंदित हो रहे थे। यहां पर गुनगुना रंग इसलिए प्रयोग होता है कि बालस्वरूप की सेवा होने के कारण लाला को होली खेलने में कहीं ठंड न लग जाय इसीलिए मां यशोदा लाला के होली खेलने के लिए गुनगुना टेसू का रंग तैयार कराती हैं।

 
समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव अपने परिजनों के बीच सैफई में होली मनाई जबकि बिहार के राज्यपाल लालजी टण्डन ने  लखनऊ स्थित अपने आवास पर होली मनाई। इस मौके पर बड़ी संख्या में उनके शुभचिंतक ने उनके आवास पहुंच कर होली की बधाई दी और गुलाल, अबीर लगाया।
 
 
लखनऊ में दिन निकलते ही होली के गीत गाते हुए युवक एक दूसरे को रंग लगाते नजर आए। इस मौके पर सुरक्षा-व्यवस्था के पुख्ता इतंजाम किए गए हैं। पुराने लखनऊ में भी आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के इस त्यौहार को सभी वर्ग के लोग मिलजुलकर मना रहे हैं। राज्य के अन्य हिस्सों में भी धूमधाम से होली मनाई जा रही है। 

 
राजस्थान में रंगों के पर्व होली के हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाये जाने के समाचार है। सामाजिक समरसता और भाईचारा का प्रतीक त्योहार होली एवं धुलेंड़ी पर्व को अलग अलग स्थानों पर परम्परागत रूप से सामाजिक सरोकार के साथ मनाते लोगों की टोलियां नजर आईं। शहर, गांव एवं गलियों के नुक्कड़ों पर युवाओं की टोलियां सुबह से अपनी मस्ती में एक दूसरे पर रंग और गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दे रहे। राज्य के प्रमुख पर्यटक शहर उदयपुर, पुष्कर, अजमेर, जयपुर सहित अन्य स्थानों पर विदेशी पर्यटकों ने स्थानीय लोगों के साथ होली खेलकर रंगो के इस त्योहार का आनंद उठाया।
 
 
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जयपुर में सिविल लाईन्स स्थित आवास पर होली मनाई तथा इस अवसर पर मिलने आए लोगों से गर्मजोशी के साथ मुलाकात की। राजस्थान विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता गुलाबचंद कटारिया ने उदयपुर में घंटाघर क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ धुलेंड़ी खेली।
 
 
मध्यप्रदेश में राजधानी भोपाल सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में होली का पर्व परंपरागत मस्ती और उत्साह से मनाया जा रहा है। लोकसभा चुनाव की आदर्श आचार संहिता के चलते पुलिस प्रशासन हालांकि बेहद मुस्तैद है। इसके बावजूद लोगों में होली के उत्साह में किसी प्रकार की कमी नहीं देखी गई और वह पूरे उत्साह के साथ त्योहार मनाने में मशगूल रहे।
 
 
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने प्रदेश के लोगों को रंगारंग पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रंग और उमंग का त्योहार होली एकता, सद्भाव, समरसता और भाईचारे का प्रतीक है। राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से होली का त्योहार स्वच्छ और स्वस्थ सामाजिक परम्परानुसार पूर्ण हर्षोल्लास के साथ मनाने की अपील की।
 
 
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने लोगों को लोगों को शुभकामना संदेश देते हुए कहा कि हमें होली के मौके पर फिर से हरे भरे वृक्षों का संरक्षण करने और सामजिक बुराइयों का दहन कर समाज को एकता, अखंडता व भाईचारे का सन्देश देने का प्रण लेना चाहिए। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस बार होली नहीं मनाने का फैसला किया। चौहान के निवास पर नोटिस बोर्ड लगाया गया है जिसमें कहा गया है कि पुलवामा हमले में वीर जवानों की शहादत और गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पार्रिकर के निधन के दुख में वह इस बार होली नहीं मना रहे हैं।
 
 
इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए जिला और पुलिस प्रशासन ने भी समुचित व्यवस्था की हैं। भोपाल पुलिस उपमहानिरीक्षक इरशाद वली ने बताया कि होली के दौरान निकलने वाले चल समारोह में पुलिस सुरक्षा रहेगी, ताकि चल समारोह निर्विघ्न संपन्न हों। संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक व्यवस्थाएं की गईं हैं। अराजक तत्वों के खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी। थाना प्रभारियों को कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
 
 
राजधानी भोपाल में सुबह से ही होली के हुरियारे मस्ती में डूबे दिखाई दिए। स्थान-स्थान पर लोगों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। रिहायशी परिसरों में भी लोग नृत्य और संगीत के साथ होली के उल्लास में डूबे रहे। केन्द्र शासित पुड्डुचेरी में होली, रंगों का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर लोग को एक दूसरे पर रंग लगाते देखे गए। जवाहरलाल इंस्टीट्यूट ऑफ पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च छात्रों ने एक दूसरे पर रंग लगाकर होली मनाई। उन्होंने वहां एक नृत्य कार्यक्रम भी आयोजित किया।
 
 
त्रिपुरा में होली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। राज्य के कृषि परिवहन और पर्यटन मंत्री प्रणजीत सिंहा रॉय ने उदयपुर में सभी वर्गों के लोगों, मीडियाकर्मियों, शिक्षाविदों और अन्य लोगों के साथ होली का त्योहर मनाया। तेलंगाना में भी होली का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। राज्यभर में लोग एक दूसरे पर अबीर, गुलाल और रंगों से होली खेलते नजर आए। राज्यपाल ईएल नरसिंहमन और मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने प्रदेश के लोगों को होली की बधाई दी है। (वार्ता) 
 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

इस मामले में पाकिस्तान से पिछड़ गया भारत, सचमुच है चिंता का विषय