Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

Adani Group की कंपनियों को भारी नुकसान, Market Cap में आई 2.19 लाख करोड़ की गिरावट

Advertiesment
हमें फॉलो करें Gautam Adani

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

नई दिल्ली , गुरुवार, 21 नवंबर 2024 (18:21 IST)
Adani Group News : अडाणी समूह की सभी 10 सूचीबद्ध कंपनियों के बाजार मूल्यांकन (Market Cap) में बृहस्पतिवार को सामूहिक रूप से 2.19 लाख करोड़ रुपए की भारी गिरावट आई। जनवरी, 2023 में आई अमेरिकी शोध एवं निवेश कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट के बाद समूह की कंपनियों को जो नुकसान हुआ था, आज का नुकसान उससे दोगुना से अधिक है। हिंडनबर्ग ने समूह पर शेयरों में हेराफेरी और लेखा के स्तर पर गड़बड़ी करने के आरोप लगाए थे।
उद्योगपति गौतम अडाणी पर अमेरिकी अभियोजकों के भारत में सौर बिजली अनुबंध हासिल करने के लिए अनुकूल शर्तों के बदले भारतीय अधिकारियों को 26.5 करोड़ डॉलर (करीब 2,200 करोड़ रुपए) की रिश्वत देने का आरोप लगाने के बाद समूह की कंपनियों के शेयर में भारी गिरावट आई है।
बीएसई पर सूचीबद्ध समूह की समूह की प्रमुख कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज के शेयर में 22.61 प्रतिशत की गिरावट आई, अडाणी एनर्जी सॉल्यूशंस में 20 प्रतिशत, अडाणी ग्रीन एनर्जी में 18.80 प्रतिशत, अडाणी पोर्ट्स में 13.53 प्रतिशत, अंबुजा सीमेंट्स में 11.98 प्रतिशत और अडाणी टोटल गैस में 10.40 प्रतिशत की गिरावट आई।
 
अडाणी विल्मर के शेयर में 9.98 प्रतिशत, अडाणी पावर में 9.15 प्रतिशत, एसीसी में 7.29 प्रतिशत तथा एनडीटीवी में 0.06 प्रतिशत की गिरावट आई। समूह की कुछ कंपनियों के शेयर ने अपने निचले सर्किट स्तर को छुआ। समूह की सभी 10 सूचीबद्ध कंपनियों के संयुक्त बाजार पूंजीकरण (एमकैप) में आज 2,19,878.35 करोड़ रुपए की गिरावट आई।
इसका असर घरेलू बाजारों पर भी पड़ा और बीएसई सेंसेक्स 422.59 अंक या 0.54 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77,155.79 अंक पर, जबकि एनएसई निफ्टी 168.60 अंक या 0.72 प्रतिशत फिसलकर 23,349.90 अंक पर आ गया।
 
मेहता इक्विटीज लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) प्रशांत तापसे ने कहा, हालांकि बाजार पिछले कुछ सप्ताह से सुस्ती के दौर से गुजर रहा है, लेकिन आज की गिरावट का कारण अडाणी समूह पर रिश्वतखोरी के आरोप लगने की खबर भी रही जिसके कारण समूह के शेयरों में भारी बिकवाली हुई।
भारत के दूसरे सबसे अमीर शख्स अडाणी पर अमेरिकी अधिकारियों ने दो अलग-अलग मामलों में रिश्वतखोरी और प्रतिभूति धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। न्यूयॉर्क की एक अदालत में अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा आपराधिक अभियोग दायर किया गया है, जिसमें उन पर तथा उनके भतीजे सागर सहित सात अन्य पर महंगी सौर ऊर्जा खरीदने के लिए आंध्र प्रदेश जैसे राज्य सरकारों के अज्ञात अधिकारियों को रिश्वत देने का आरोप लगाया गया है। इससे उन्हें 20 साल की अवधि में दो अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक का लाभ होता।
 
अडाणी समूह ने अमेरिकी अधिकारियों के रिश्वतखोरी के आरोपों को बृहस्पतिवार को खारिज करते हुए इन्हें निराधार बताया और कहा कि समूह सभी कानूनों का अनुपालन करता रहा है। समूह ने कहा कि वह इस मामले में सभी कानूनी विकल्पों का इस्तेमाल करेगा।
अडाणी समूह के प्रवक्ता ने कहा, अडाणी ग्रीन के निदेशकों के खिलाफ अमेरिकी न्याय विभाग और अमेरिकी प्रतिभूति एवं विनिमय आयोग द्वारा लगाए गए आरोप निराधार हैं और इनका खंडन किया जाता है। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

Russia Ukraine War भयानक स्थिति में, ICBM से मचेगी तबाही, पुतिन के दांव से पस्त जेलेंस्की