Publish Date: Fri, 01 Nov 2019 (08:19 IST)
Updated Date: Fri, 01 Nov 2019 (08:32 IST)
तिरुवनंतपुरम। अरब सागर में चक्रवात की स्थिति बनने से केरल में गुरुवार को भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने ‘महा’ चक्रवात के कमजोर पड़ने तक मछुआरों को दो नवंबर तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है। 1,000 से ज्यादा लोगों को 11 राहत शिविरों में भेजा गया है।
मौसम विभाग ने बताया कि ‘महा’ गुरुवार को ‘गंभीर चक्रवाती तूफान’ में बदल गया और अगले 24 घंटों में पूर्वी मध्य अरब सागर में इसके ‘अति गंभीर चक्रवाती तूफान’ में बदलने की संभावना है। इसके बाद यह चक्रवात धीरे-धीरे कमजोर पड़ेगा।
भारतीय मौसम विभाग और केरल आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने राज्य में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। तटरक्षक और अन्य एजेंसियां अब भी कोझिकोड के छह मछुआरों की तलाश कर रही हैं।