Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

महू में 'भारत जोड़ो यात्रा' : नोटबंदी और GST को लेकर PM मोदी पर बरसे राहुल, बोले- रोजगार देने की रीढ़ की हड्डी को उन्होंने तोड़ दिया

हमें फॉलो करें महू में 'भारत जोड़ो यात्रा' : नोटबंदी और GST को लेकर PM मोदी पर बरसे राहुल, बोले- रोजगार देने की रीढ़ की हड्डी को उन्होंने तोड़ दिया
, शनिवार, 26 नवंबर 2022 (22:38 IST)
महू। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर हमले करते हुए आरोप लगाया कि देश में बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान को समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस इस कोशिश को सफल नहीं होने देगी।

'भारत जोड़ो यात्रा' पर निकले गांधी देर शाम संविधान दिवस पर इंदौर जिले में स्थित डॉ. अंबेडकर की जन्मस्थली महू पहुंचे। यात्रा का आज मध्य प्रदेश में चौथा दिन है। इस अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, अनेक केंद्रीय पदाधिकारी और प्रदेश कांग्रेस के अनेक नेता भी मौजूद थे।

गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के तहत महू पहुंचकर डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद जनसभा में संबोधन के दौरान उनके हमले मुख्य रूप से आरएसएस और भाजपा पर ही रहे। लगभग 35 मिनट के भाषण में गांधी ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने बड़े ही परिश्रम से इस देश को संविधान दिया।

उन्होंने कहा कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए भी है। इस संविधान में देश में पिछले पांच हजार वर्षों के इतिहास में पहली बार सभी नागरिकों को बराबरी का दर्जा दिया गया है। सभी धर्मों को मानने वाले लोगों को प्राथमिकता दी गई है, लेकिन भाजपा और संघ से जुड़े लोग इस संविधान को समाप्त करने में लगे हैं।

गांधी ने कहा कि भाजपा और संघ के लोग यह कार्य सामने से नहीं कर सकते हैं। वे सामने तो डॉ. अंबेडकर को भी प्रणाम करते हैं, लेकिन पीठ पीछे उनके बनाए गए संविधान को समाप्त करने के लिए संवैधानिक संस्थाओं को समाप्त कर रहे हैं। संवैधानिक संस्थाओं में अपने लोग (भाजपा, आरएसएस) बिठा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि लेकिन कांग्रेस उन लोगों को ऐसा नहीं करने देगी। उन्होंने कहा कि इसलिए ही देश में 'भारत जोड़ो यात्रा' निकाली जा रही है। उन्होंने भाजपा और संघ की नीतियों को गरीब, श्रमिक, किसान और अन्य वर्गों के विरोध वाली बताते हुए कहा कि वे सिर्फ देश में तीन चार अरबपतियों को लाभ पहुंचाने वाली नीतियों पर कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि गरीबों, किसानों, श्रमिकों और बेरोजगारों के लिए कुछ नहीं किया जा रहा है। महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। यूपीए (संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन) सरकार के समय गैस सिलेंडर 400 रुपए का एक था। पेट्रोल 60 रुपए और डीजल 55 रुपए प्रति लिटर था। लेकिन अब इनके रेट क्या हैं, यह किसी से छिपा नहीं है। सिलेंडर एक हजार रुपए पार कर गया। पेट्रोल एक सौ रुपए के पार है। डीजल की कीमत भी काफी अधिक है।

इसके पहले गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' राज्य के खरगोन जिले से होते हुए इंदौर जिले में पहुंची। यात्रा देर शाम महू में आई। यहां पर हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने इसका स्वागत किया। सभी नेताओं ने डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उनके प्रति श्रद्धासुमन अर्पित किए।(वार्ता)
Edited By : Chetan Gour

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

श्रद्धा मर्डर केस : कोर्ट ने आफताब पूनावाला को 13 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा