Hanuman Chalisa

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

भारत और रूस ने की सुरक्षा परिषद के मुद्दों पर वार्ता, आतंकवाद के खिलाफ लिया संकल्प

Advertiesment
India-Russia talks
नई दिल्ली। भारत और रूस ने बुधवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया और बहुपक्षीय मंचों पर आतंकवाद के खिलाफ सहयोग मजबूत करने पर सहमत हुए। भारत के संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद् (यूएनएससी) में 2021-22 के लिए अस्थाई सीट पर आसीन होने से पहले यह वार्ता हुई है।

वार्ता में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) विकास स्वरूप ने किया, जबकि रूसी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व रूसी संघ के विदेश मामलों के उपमंत्री सर्गेई वासिलेविच वर्शिनीन ने किया। इसमें रूस के विदेश मंत्रालय के अन्य अधिकारी भी शामिल थे।

विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर बताया कि रूसी पक्ष ने यूएनएससी के अस्थाई सीट पर भारत के आसीन होने का स्वागत किया। मंत्रालय ने कहा कि दोनों पक्षों ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के एजेंडा और हाल के घटनाक्रमों पर चर्चा की।

भारत और रूसी पक्ष बहुपक्षीय मंचों पर आतंकवाद के खिलाफ सहयोग बढ़ाने पर सहमत हुए। भारतीय प्रतिनिधिमंडल में विदेश मंत्रालय के और मॉस्को में भारतीय दूतावास के अन्य अधिकारी शामिल हुए।(भाषा) 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

CSE का खुलासा : देश में सभी प्रमुख ब्रांड के शहद में चीनी शरबत की मिलावट