Biodata Maker

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

भारतीय सैनिकों के जवाबी हमले में 4 चौकियां तबाह, 2 पाक सैनिक मारे

Advertiesment
हमें फॉलो करें Indian army

सुरेश एस डुग्गर

, गुरुवार, 10 दिसंबर 2020 (15:47 IST)
जम्मू। भारतीय सेना ने पाक गोलीबारी का जवाब देते हुए 2 पाकिस्तानी सैनिक मार गिराए हैं। चार पाक चौकियां भी नेस्तनाबूद कर दी गई हैं। इससे पहले पाकिस्तानी ने बुधवार रात करीब 10 बजे एलओसी रेखा से सटे गांव मनकोट और कृष्णा घाटी में गोलाबारी की थी। इस दौरान हल्के व भारी हथियारों का इस्तेमाल किया गया। गोलाबारी की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी।
 
इससे सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया ओर वे सुरक्षित स्थानों पर चले गए। ज्ञात हो कि चार दिन पहले भी पाकिस्तानी सेना ने शाहपुर, कीरनी, कसबा में भी गोलाबारी की थी। पाकिस्तानी गोलाबारी का सेना के जवानों ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया।
 
अधिकारियों ने बताया कि जिन पाकिस्तानी चौकियों से भारती सीमा में गोले दागे जा रहे थे, भारतीय जवानों ने उन्हें निशाना बनाते हुए यहां से भी गोलाबारी की। नतीजतन पाकिस्तान की 4 चौकियां तबाह हो गईं, जबकि दो जवान मारे गए। मरने वालों में एक लांस नायक और एक सिपाही शामिल है। सैन्य सूत्रों का कहना है कि चौकी में मौजूद तीन से चार और जवान भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हालांकि पाकिस्तानी सेना ने अपने दो जवानों के मारे जाने की पुष्टि कर दी है।
 
सैन्य सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रात 10 बजे पाकिस्तानी सैनिकों ने मनकोट सेक्टर में भारतीय चौकियों को निशाना बनाते हुए गोलाबारी शुरू कर दी। भारतीय जवानों ने तुरंत अपनी पोजीशन लेते हुए जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। भारतीय जवान समझ गए कि पाकिस्तानी सैनिक एक बार फिर आतंकवादियों की घुसपैठ कराने के इरादे से रात के अंधेरे में गोलाबारी का सहारा ले रहे हैं। ऐसे में भारत के सतर्क जवानों ने सीमा से सटे सभी इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया ताकि गोलाबारी की आड़ में आतंकी इस ओर प्रवेश न कर जाएं।
 
वहीं जवानों के दूसरे दल ने उस ओर गोलाबारी शुरू कर दी जहां से पाकिस्तानी सैनिक गोले दाग रहे थे। नतीजतन चार पाकिस्तानी चौकियों को तबाह कर दिया गया। इस जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के दो जवान जिनकी पहचान लांस नायक तारिक और सिपाही जफूर के तौर पर हुई है, कि मौत हो गई। सैन्य सूत्रों का कहना है कि तीन से चार पाकिस्तान जवान घायल भी हुए हैं। भारतीय जवानों की जवाबी कार्रवाई के बाद पाकिस्तान की ओर से गोलाबारी थम गई।
 
पाक गोलीबारी से कई सेक्टरों में हालात बिगड़े : 814 किमी लंबी एलओसी पर कई सेक्टरों में हालात बिगड़ने लगे हैं। सेना और प्रशासन ने लोगों से घरों से बाहर न निकलने की ‘सलाह’ दी है क्योंकि पाक सेना ने अपनी गोलाबारी की रेंज को बढ़ाते हुए कई ऐसे गांवों पर भी गोले दागे हैं, जो अभी तक अछूते थे।
 
सेनाधिकारी इसकी पुष्टि करते हैं कि पिछले कुछ हफ्तों के भीतर भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई में पाक सेना को हुए जबरदस्त नुकसान के कारण पाक सेना बिफरी हुई है और वह अब नए नए उप-सेक्टरों में भारतीय गांवों को निशाना बना रही है। प्राप्त समाचारों के अनुसार, पिछले एक पखवाड़े से एलओसी से सटे दर्जनों गांवों के लोग अपने-अपने घरों में दुबके हुए हैं।
 
एलओसी पर जारी गोलाबारी को देखते हुए मेंढर सब-डिवीजन के बालाकोट, बरूती, बसूनी, धराटी, मनकोट, साबरागली, बलनोई, दबराज, घानी आदि क्षेत्रों में भी स्थानीय प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। 
 
एलओसी के कई इलाकों में लोगों से जब बात की गई तो उनका कहना था कि उनके लिए यह किसी युद्ध से कम इसलिए नहीं है। फिलहाल इन गांववासियों के लिए परेशानी यह है कि कई दिनों से घरों से बाहर न निकल पाने के कारण अब उन्हें खाने-पीने की समस्या से दो चार होना पड़ रहा था।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

जेपी नड्डा के काफिले पर हमला, गृह मंत्रालय ने पश्चिम बंगाल सरकार से मांगी रिपोर्ट