Festival Posters

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

पाक कमांडों ने मच्छेल में तीन भारतीय जवानों की हत्या की

Advertiesment
हमें फॉलो करें Indian Army
webdunia

सुरेश डुग्गर

, मंगलवार, 22 नवंबर 2016 (23:30 IST)
श्रीनगर। पाकिस्तानी सेना ने एक बार फिर क्रूरता और बर्बरता को दर्शाते हुए तीन भारतीय जवानों को मौत के घाट उतारने के बाद एक के शव के टुकडे कर दिए। यह कार्रवाई पाक सेना की कमांडों टीम ने अंजाम दी। इस कार्रवाई के बाद मच्छेल सेक्टर में भीषण गोलों की बरसात जारी है। जवानों की हत्या के बाद भारतीय सेना ने 26 नवम्बर को 13 साल पूरे करने जा रहे सीजफायर को खत्म करने की गुहार रक्षामंत्री के सामने लगाई है।

एलओसी के निकट पाकिस्तानी सेना के कमांडों ने आतंकियों के साथ मिलकर तीन भारतीय जवानों की हत्या कर दी है। सेना के मुताबिक, मच्छेल सेक्टर में एक जवान के शव को क्षत-विक्षत किया गया है। रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर को सेना के वाइस चीफ लेफ्टिनेंट जनरल बिपिन रावत ने इन हत्याओं के बारे में जानकारी दी है। 29 अक्टूबर के बाद से किसी भारतीय जवान के शव के साथ बर्बरता दिखाए जाने का यह दूसरा वाकया है। 
 
सेना ने एक ट्वीट में कहा है कि मच्छेल में एलओसी पर तीन जवान मारे गए। एक सैनिक का शव क्षत-विक्षत किया गया है। सेना ने करारा पलटवार करने की बात कहते हुए लिखा है कि 'इस कायराना हरकत का भारी बदला लिया जाएगा।' पिछले महीने, आतंकियों ने 27 वर्षीय सिपाही मनदीप सिंह के शव के साथ बर्बरता दिखाई थी। जिसके बाद आतंकी पाकिघ्तान अधिकृत कश्मीर में घुस गए थे, उन्हें पाकिस्तानी सेना ने कवर फायर मुहैया कराया था।
 
मंगलवार को ही जम्मू कश्मीर के बांडीपोरा इलाके में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई थी जिसमें 2 आंतकी मार गिराए गए थे। आतंकी रिहायशी इलाके में छिपे थे, जिनके पास से 2000 रुपए के नए नोट भी बरामद हुए हैं। इसके अलावा आरएस पुरा सेक्टर में एक पाकिस्तानी संदिग्ध घुसपैठिए को मार गिराया गया है। 
 
जानकारी के मुताबिक, बांडीपोरा के हंजन गांव के रिहायशी इलाके में आतंकियों के छुपे होने की खबर मिली थी। जिसके बाद 13, राष्ट्रीय राइफल्स की टुकड़ी और राज्य पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) ने इलाके की घेराबंदी कर दी। 
 
पुलिस के अनुसार, जैसे ही सेना के जवान आतंकवादियों के ठिकाने के पास पहुंचे, उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी।
एलअसेसी की घटना के बारे में रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर को जानकारी दे दी गई है। सेना को इस कार्रवाई का मुंहतोड़ जवाब देने का निर्देश दिया गया है। पाक सेना की इस कार्रवाई का भारतीय सुरक्षा विशेषज्ञों ने कड़ी निंदा की है। विशेषज्ञों ने इसे जिनेवा कन्वेंशन का उल्लघंन बताया है। 
 
जानकारी के मुताबिक, सेना ने रक्षामंत्री से गुहार लगाई है कि वे उस सीजफायर को खत्म कर दें जो इस महीने की 26 तारीख को अपने 13 साल पूरे करने जा रहा है। रक्षा सूत्रों के मुताबिक, सीजफायर के कारण भारतीय सेना को जवाबी कार्रवाई में दिक्कत आ रही है।
 
एलओसी पर सितंबर के आखिर में भारतीय सेना द्वारा सर्जिकल स्ट्राइक के बाद से ही तनाव है। पाकिस्तान की तरफ से अब तक 130 से ज्यादा बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया जा चुका है। इस बीच घुसपैठ की कई कोशिशों को सेना ने नाकाम किया है। पिछले हफ्ते पाकिस्तान ने दावा किया था की सीमा पर भारतीय सेना की फायरिंग में उसके सात जवान मारे गए थे। पाकिस्तान ने उस समय कहा था कि सेना इसका जवाब देगी। 
 
उल्लेखनीय है कि उड़ी में आतंकी हमले की घटना के बाद भारतीय सेना ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में सर्जिकल स्ट्राइक करके आतंकियों के कई ठिकानों को ध्वस्त कर दिया था और कई आतंकियों को मार गिराया था। उड़ी हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच संबंध तनावपूर्ण चल रहे हैं।
 
सनद रहे कि जल्द ही पाकिस्तानी सेना के जनरल रहील शरीफ रिटायर होने वाले हैं। रहील ने कुछ दिन पहले ही सीमा पर पाक सैनिकों के साथ बैठक की थी। उसके बाद यह घटना हुई है। रहील को भारत का सख्त विरोधी माना जाता है।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

लघु बचत खाते में जमा नहीं होंगे पुराने नोट