Publish Date: Fri, 10 Mar 2017 (17:52 IST)
Updated Date: Fri, 10 Mar 2017 (18:00 IST)
खीमपुर खीरी। उत्तरप्रदेश के लखीमपुर खीरी में शुक्रवार को एक बार फिर भारत-नेपाल सीमा पर नेपालियों ने पुलिया निर्माण को लेकर जमकर पथराव किया। खबरों के मुताबिक माहौल अभी भी तनावपूर्ण है। नेपाली नागरिकों ने भारत पर विस्तारवाद का आरोप लगाकर नारेबाजी शुरू की। प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर दोनों देशों के सीमा पर आवाजाही बंद कर दी है। एसएसबी फोर्स सीमा पर पहुंच गई है। मुख्यालय से डीएम और एसपी भी नेपाल सीमा पर रवाना हो चुके हैं।
कैसे बढ़ा था विवाद : अभी कुछ दिनों पहले ही यहां एक वीडियो वायरल होने के बाद हिंसा भड़की थी। इसके बाद कर्फ्यू लगाना पड़ा था। गुरुवार को भारत-नेपाल सीमा पर एक पुलिया के निर्माण को लेकर बवाल हो गया। यहां गुस्साए लोगों ने एसएसबी के जवानों पर पथराव किया। इस घटना में दो जवान घायल हो गए हैं।
गौरतलब है कि भारत और नेपाल के बीच एक पुल का निर्माण किया जा रहा था। इसी दौरान इस निर्माण की ख़बर उच्चाधिकारियों को हो गई। इसके बाद अधिकारियों ने पुल के निर्माण पर अग्रिम आदेश तक रोक लगा दी। बताया गया कि इस मामले के बाद लगभग सौ से अधिक आक्रोशित लोग नेपाल सीमा पर पहुंचे और पथराव करने लगे। बताया जा रहा है कि पथराव करने वालों में भारत की तरफ से कुछ लोग शामिल थे।
हालात बिगड़ने पर जिलाधिकारी और एसपी मनोज झा मौके पर पहुंचे और समझाना शुरू किया, लेकिन भीड़ उग्र हो गई। डीएम और एसपी पर भी पथराव शुरू कर दिया। भारतीय जवान बचाव की मुद्रा में रहे लेकिन बताया जा रहा है कि नेपालियों के साथ नेपाली पुलिस भी पथराव में उनका साथ देने लगी।
गाड़ा नेपाली झंडा : इतना ही नहीं, भारतीय सीमा के अंदर लगभग 500 मीटर घुस कर नेपाल का झंडा गाड़ दिया। इन सबको रोकने और भीड़ को काबू करने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए। पूरे घटनाक्रम में पलिया तहसीलदार सहित लगभग 50 जवान घायल हुए। भारतीय प्रशासन का नेपाली प्रशासन से बातचीत कर मामले को सुलझाने का प्रयास कर रहा है, नेपाली प्रशासन की तरफ से कोई सहयोग अभी तक दिखाई नही पड़ रहा है। स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है।