Publish Date: Wed, 14 Dec 2022 (08:31 IST)
Updated Date: Wed, 14 Dec 2022 (08:50 IST)
इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में ठंड ने एक बार फिर वापसी की है। रात के तापमान में पिछले 2 दिनों में ही 5 डिग्री की गिरावट आ चुकी है। इससे रात से सुबह तक तीखी ठंड का अहसास हो रहा है। इसी के चलते एक बार फिर गर्म कपड़ों की जरूरत पड़ रही है।
मौसम विभाग के अनुसार शहर में कश्मीर की ओर से आ रही उत्तरी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई है। लेकिन नया पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होने के कारण अब इंदौर क्षेत्र में तापमान ज्यादा नहीं गिरेगा। दिसंबर अंत में न्यूनतम 11 से 12 डिग्री तापमान रहने का अनुमान है। लेकिन शहर और आसपास के गांवों में अभी से अलाव जलने लगे हैं।
इस बार भी पिछले वर्ष की तरह दिसंबर में ज्यादा धूप नहीं देखी जाएगी। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 10 दिसंबर को उत्तर भारत से एक पश्चिमी विक्षोभ टकराया था जिसके असर से उत्तर भारत में बर्फबारी हो रही है। लेकिन अब तापमान 10-12 दिन स्थिर ही रहेगा।
दिल्ली में अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस : दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री अधिक 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि हवा की गुणवत्ता 'मध्यम' श्रेणी में दर्ज की गई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को सुबह धुंध होने और दिन के समय आसमान साफ रहने का अनुमान जताया है। दिल्ली में मंगलवार की सुबह सर्द रही और न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान वायु गुणवत्ता सूचकांक 'मध्यम' श्रेणी में दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों से पता चलता है कि रात 9.30 बजे एक्यूआई 133 था।
गौरतलब है कि 0 से 50 के बीच एक्यूआई 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच 'मध्यम', 201 से 300 के बीच 'खराब', 301 से 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच एक्यूआई 'गंभीर' माना जाता है।
अन्य राज्यों का मौसम : चक्रवाती परिसंचरण (चक्रवाती तूफान के अवशेष) के प्रभाव में दक्षिण-पूर्व और उत्तरी केरल और कर्नाटक तट से सटे पूर्वी मध्य अरब सागर के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बना है। संबद्ध चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 7.6 किमी ऊपर तक फैला हुआ है।
यह भारतीय तट से दूर पश्चिम उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है। चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दक्षिण अंडमान सागर और उससे सटे मलक्का जलडमरूमध्य और सुमात्रा पर औसत समुद्र तल से 3.1 किमी ऊपर तक फैला हुआ है।
पिछले 24 घंटों की मौसमी हलचल : स्काईमेट के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान तमिलनाडु, दक्षिण आंध्रप्रदेश और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं भारी भारी बारिश हुई। मध्यप्रदेश, केरल और आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।
तटीय कर्नाटक में हल्की बारिश हुई। मध्य महाराष्ट्र, तटीय आंध्रप्रदेश, छत्तीसगढ़ और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कुछ स्थानों पर हल्की से बहुत हल्की बारिश हुई। हवा की गति बढ़ने से दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक सुधरकर मध्यम श्रेणी में आ गया है।
अगले 24 घंटों की संभावित गतिविधि : अगले 24 घंटों के दौरान तमिलनाडु, लक्षद्वीप, कर्नाटक के कुछ हिस्सों और अंडमान और निकोबार के दक्षिणी द्वीपों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। केरल, मध्यप्रदेश, दक्षिण मध्यप्रदेश, विदर्भ, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र और दक्षिण कोंकण और गोवा में हल्की बारिश के साथ एक या दो मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में दिन और रात के तापमान में गिरावट आ सकती है।(एजेंसियां)
Edited by: Ravindra Gupta
webdunia
Publish Date: Wed, 14 Dec 2022 (08:31 IST)
Updated Date: Wed, 14 Dec 2022 (08:50 IST)