Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

Cyclone Dana : चक्रवात दाना पर ISRO की नजर, जानिए क्या है अपडेट, कैसी है राज्यों की तैयारियां

हमें फॉलो करें Cyclone Dana : चक्रवात दाना पर ISRO की नजर, जानिए क्या है अपडेट, कैसी है राज्यों की तैयारियां

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

, शुक्रवार, 25 अक्टूबर 2024 (00:12 IST)
Cyclone Dana Update : इसरो ने गुरुवार को कहा कि उसके उपग्रह ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों की ओर बढ़ रहे चक्रवाती तूफान ‘दाना’ पर नजर रखे हुए हैं जिससे आपदा प्रबंधन प्रयासों में सहायता के लिए तात्कालिक रूप से आंकड़ा उपलब्ध कराया जा रहा है। उसने कहा कि ध्रुवीय परिक्रमा उपग्रह ईओएस-06 और भूस्थैतिक उपग्रह इनसेट-3डीआर नियमित रूप से चक्रवात की स्थिति पर बहुमूल्य जानकारी प्रदान कर रहे हैं।
 
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने कहा कि चक्रवाती तूफान 'दाना' ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों के करीब पहुंच रहा है। तूफान के दस्तक देने की आशंका के चलते ओडिशा और पश्चिम बंगाल में अधिकारियों ने लाखों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है, स्कूलों को बंद कर दिया गया है, 400 से अधिक रेलगाड़ियों को रद्द और उड़ानों को निलंबित कर दिया गया है।
 
बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान ‘दाना’ 24 अक्टूबर की देर रात करीब 2 बजे ओडिशा के तट से टकराएगा। इसका असर पश्चिम बंगाल पर भी होगा। तटीय इलाकों (धामरा) में इस वक्त 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है।
webdunia
प्रधानमंत्री मोदी ने तैयारियों के बारे में की मुख्यमंत्री माझी से चर्चा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को दो बार फोन किया और चक्रवात के मद्देनजर राज्य की तैयारियों के बारे में जानकारी ली। चक्रवात के मध्यरात्रि के बाद भीतरकनिका और धामरा के बीच टकराने की आशंका है।
 
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों के पुनर्वास और हिफाजत के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और ओडिशा आपदा मोचन बल (ओडीआरएएफ) जैसे बल की तैनाती के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
 
सीएमओ ने कहा कि प्रधानमंत्री ने राज्य की तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया। केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने भी मुख्यमंत्री के साथ स्थिति पर चर्चा की और सभी आवश्यक सहायता मुहैया कराने का वादा किया। भारतीय मौसम विभाग की शाम 5.30 बजे के नवीनतम बुलेटिन के अनुसार, गंभीर चक्रवात ‘दाना’ पिछले छह घंटों के दौरान 13 किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ रहा है। 
webdunia
हवाई सेवाएं स्थगित : भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि चक्रवात ‘दाना’ के मद्देनजर कोलकाता हवाई अड्डे पर गुरुवार शाम से 15 घंटे के लिए उड़ानों का परिचालन स्थगित कर दिया गया। हालांकि नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ान परिचालन बृहस्पतिवार शाम छह बजे से स्थगित किया जाना था, लेकिन इसमें थोड़ा विलंब हुआ।
 
हवाई अड्डा निदेशक प्रवत रंजन बेउरिया ने बताया, बृहस्पतिवार शाम इंडिगो की अमृतसर-कोलकाता उड़ान यहां उतरने वाली आखिरी उड़ान थी और यह शाम 6.11 बजे उतरी। रवाना होने वाली आखिरी उड़ान इंडिगो की कोलकाता-गुवाहाटी उड़ान थी जिसने शाम 7 बजे उड़ान भरी।
एएआई के अधिकारी ने कहा कि हवाई अड्डों को बम की धमकी के चलते उड़ानों के परिचालन को स्थगित करने में थोड़ा विलंब हुआ। उन्होंने कहा कि हालांकि बाद में यह धमकी झूठी निकली। हवाई अड्डे पर उड़ानों का परिचालन स्थगित रहने के दौरान कुल 309 उड़ानें प्रभावित होंगी। हवाई अड्डे पर गुरुवार शाम 6 बजे उड़ानों का परिचालन स्थगित किया जाना था और शुक्रवार सुबह नौ बजे बहाल किया जाना है।
 
इस बीच, हवाई अड्डा निदेशक ने बताया कि कोलकाता हवाई अड्डे से अंतिम उड़ान के रवाना होने के बाद टर्मिनल भवन के सभी प्रवेश और निकास द्वारों को सील कर दिया गया है। सूत्रों ने बताया कि एयरलाइनों ने हवाई अड्डे के अधिकारियों के साथ तालमेल बिठाया। सूत्रों ने बताया कि चक्रवात से विमानों को सुरक्षित रखने के लिए संबंधित मानक प्रक्रियाएं भी की गईं।
 
कोलकाता सहित पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्र में चक्रवात के संभावित प्रभाव को ध्यान में रखते हुए तथा तेज हवाओं और भारी से बहुत भारी वर्षा की आशंका के मद्देनजर 24 अक्टूबर शाम 6 बजे से 25 अक्टूबर सुबह 9 बजे तक उड़ानों का परिचालन स्थगित रखने का निर्णय लिया गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि चक्रवात शुक्रवार सुबह पड़ोसी राज्य ओडिशा के भितरकनिका राष्ट्रीय उद्यान और धामरा बंदरगाह के बीच तट से टकराएगा। इस दौरान तूफान की अधिकतम गति 120 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है।
 
बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान दाना का असर झारखंड में भी दिखाई देने लगा है। पूरे राज्य में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। हल्की बारिश हो रही है। कहीं-कहीं भारी बारिश की भी संभावना है। मौसम विभाग ने कहा है कि गुरुवार (24 अक्टूबर) से राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।
 
मौसम विभाग का अनुमान है कि पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम जिले में भारी बारिश हो सकती है। आईएमडी ने शुक्रवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद ने कहा कि प्रदेश में भारी बारिश के अलावा कई इलाकों में गरज के साथ बारिश हो सकती है। उन्होंने कहा कि 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
webdunia
ओडिशा में दस्तक : भारत मौसम विज्ञान विभाग का अनुमान है कि चक्रवाती तूफान दाना शुक्रवार की सुबह ओडिशा के भीतरकनिका राष्ट्रीय उद्यान और धामरा बंदरगाह के बीच 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दस्तक देगा। तूफान की भयावहता को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की छह टीमों को जमशेदपुर और चाईबासा में तैनात किया गया है, जबकि किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए रांची में दो टीम को तैयार रखा गया है।
webdunia
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की स्थिति पर है नजर : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रशासन ने आसन्न चक्रवात ‘दाना’ के मद्देनजर राज्य के निचले इलाकों में रहने वाले 3.5 लाख लोगों की पहचान की है जिन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाएगा। बनर्जी ने लोगों से एहतियाती कदम उठाने और प्रशासन तथा पुलिस के साथ सहयोग करने का आग्रह करते हुए कहा कि 2,43,374 लोगों ने शिविरों में शरण ली है।
 
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने कहा कि वह बृहस्पतिवार की पूरी रात राज्य सचिवालय में रहेंगी और व्यक्तिगत रूप से स्थिति पर नजर रखेंगी। उन्होंने राज्य सचिवालय में कहा, निचले इलाकों से लोगों को निकालने के लिए हमने 3,56,941 लोगों की पहचान की है।
 
मुख्य सचिव और गृह सचिव भी अपने-अपने आवासों से स्थिति की निगरानी करेंगे और शुक्रवार सुबह फिर से उनके साथ जुड़ेंगे। बनर्जी ने लोगों से इस संबंध में अफवाह न फैलाने और दहशत न फैलाने का आग्रह भी किया। उन्होंने कहा कि निगरानी और सूचना साझा करने के लिए 24 घंटे और सातों दिन काम करने वाली हेल्पलाइन और कुछ संबंधित फोन नंबर चालू किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शैक्षणिक संस्थान बंद कर दिए गए हैं। बनर्जी ने कहा, मैं आपका सहयोग चाहती हूं। सतर्क रहें। अगर पुलिस या प्रशासन आपको कोई जगह खाली करने के लिए कहता है, तो कृपया उनकी सलाह पर ध्यान दें। पानी में न जाएं। अभी मछली पकड़ना प्रतिबंधित है।
 
आईएमडी ने कहा कि चक्रवात शुक्रवार तड़के पड़ोसी ओडिशा के भितरकनिका राष्ट्रीय उद्यान और धामरा बंदरगाह के बीच दस्तक दे सकता है। दस्तक देने की प्रक्रिया के दौरान हवा की अधिकतम गति लगभग 120 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की आशंका है। चक्रवात के कारण ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश होने की संभावना है। (इनपुट एजेंसियां)
Edited By : Chetan Gour

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

भारत के 51वें CJI होंगे जस्टिस संजीव खन्ना, 11 नवंबर को लेंगे शपथ