Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

Janmashtami 2023 : मथुरा से लेकर कश्मीर तक कृष्ण जन्माष्टमी की धूम, मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़

Advertiesment
हमें फॉलो करें Janmashtami
मथुरा , शुक्रवार, 8 सितम्बर 2023 (00:18 IST)
Janmashtami 2023 : भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव गुरुवार को देश भर में धूमधाम और पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। देश के विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धालु अलग-अलग तरह से इस इस त्योहार को मना रहे हैं। मथुरा में कृष्ण जन्मोत्सव की धूम रही। रात के 12 बजते ही 'नंद के आनंद भयो' जय कन्हैयालाल की' से गुंजायमान हो गया। कृष्ण की जन्मस्थली मथुरा (Mathura) के मंदिरों में हजारों भक्तों की भीड़ उमड़ी तो मुंबई में दही हांडी उत्सव का आयोजन किया गया। मथुरा में जन्म के बाद भगवान के विग्रह का पंचामृत से अभिषेक किया गया। 
 
उमड़ पड़ा भक्तों का सैलाब : जन्माष्टमी के पावन पर्व पर श्रीकृष्ण जन्मस्थान के मन्दिरों में नंदगोपाल का अभिषेक देखने के लिए दूर दराज से आए कृष्णभक्तो का सैलाब जन्मस्थान परिसर के साथ साथ समूचे ब्रज में उमड़ पड़ा।
webdunia
दोपहर से ही लंबी कतारें : वृन्दावन के बांकेबिहारी मन्दिर में मंगला आरती के दर्शन करने के लिए दोपहर से ही कतारें लंबी होने लगी थीं। प्रशासन ने मन्दिर के सेवायत आचार्यों समेत 500 लोगों को ‘पहले आओ पहले पाओ’ के आधार पर दर्शन करने की अनुमति दी है। पुलिस भीड़ को नियंत्रित कर रही है। 
 
मन्दिर के सेवायत आचार्य ज्ञानेन्द्र गोस्वामी ने जिला प्रशासन के कम संख्या में दर्शन देने की अनुमति को सही ठहराया है वहीं यह भी कहा है कि अच्छा होता प्रशासन मन्दिर के सेवायतों को उनके कुछ शिष्यों के साथ मन्दिर के अन्दर जाने की अनुमति दे देता।
 
चरणों में चंद्रयान 3 : श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि भागवत भवन मन्दिर में ठाकुर के श्रीचरणों में चन्द्रयान-3 और रोवर का कट आउट रखकर ठाकुर से प्रार्थना की गई है कि वह इसरो के वैज्ञानिकों को वह शक्ति दे कि वे सूर्य पर जाने के मिशन में भी उसी प्रकार पहले सफल हो जिस प्रकार चन्द्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर जाने के मिशन को उन्होंने सबसे पहले पूरा कर विश्व रिकार्ड बनाया है।
webdunia
उन्होंने बताया कि जिस भव्य पुष्प बंगले में मन्दिर के श्रीविगृह स्थापित किये गए हैं उसका नाम इसरो के प्रमुख वैज्ञानिक एस सोमनाथ के नाम रखा गया है तथा ठाकुर की पोशाक का नाम प्रज्ञान प्रभास रखा गया है। उन्होंने बताया कि कई कुंतल प्रसाद सामग्री होने के कारण अभिषेक की सामग्री को अभिषेक स्थल पर शुचिता के साथ भेजा जा रहा है।
 
पुलिस अधीक्षक नगर एम पी सिंह के अनुसार श्रीकृष्ण जन्मस्थान में अभिषेक देखने के लिए लोगों को लाइन में खडा़ किया गया है तथा वही लोग अभिषेक का दर्शन कर सकेंगे जो उस समय गर्भगृह के सामने से गुजरेंगे। 
 
राजा ठाकुर मन्दिर के सेवायत आचार्य भीखू जी महराज के अनुसार गोकुल में आज आधी रात बाद कान्हा के आगमन को लेकर गोकुल को नई नवेली दुल्हन की तरह सजाया गया है। यहां शुक्रवार को दधिकाना होगा।
 
वृंदावन में रही धूम : उधर वृन्दावन के जिन चार मन्दिरों में आज सुबह अभिषेक किया गया था उन्हें छोड़कर वृन्दावन के बाकी मन्दिरों, मथुरा के मन्दिरों, गोवर्धन और नन्दगांव के मन्दिरों में अभिषेक के दर्शन के लिए मन्दिरों के सामने श्रद्धालुओं का जमावड़ा लग गया है। कुल मिलाकर समूची ब्रजभूमि कृष्णमय हो गई है।
 
चरणामृत के लिए होड़ : वृन्दावन के तीन प्राचीन मन्दिरों राधारमण मन्दिर, राधादामोदर मन्दिर तथा गोकुलानन्द मन्दिर में दिन में ही ठाकुर जी का अभिषेक किया गया। वृन्दावन के शाह जी मन्दिर में भी जन्माष्टमी दिन में ही मनाई गई। राधारमण मन्दिर में आज श्रद्धालु उस समय भाव विभोर हो गए जब उन्होंने वैदिक मंत्रों, शंखध्वनि, घंटे, घड़ियाल के बीच 27 मन दूध, दही, बूरा, घी, शहद और विभिन्न औषधियों से ठाकुर का कई घंटे अभिषेक इस मन्दिर में देखा। अभिषेक के बाद चरणामृत को लेने के लिए श्रद्धालुओं की होड़ लग गई।
 
दिल्ली में रही धूम :  राष्ट्रीय राजधानी में जन्माष्टमी के मौके पर लक्ष्मी नारायण मंदिर, ईस्ट आफ कैलाश, पंजाबी बाग, रोहिणी और द्वारका स्थित इस्कॉन मंदिर, बद्री भगत झंडेवाला मंदिर, छतरपुर मंदिर, प्रीत विहार स्थित गुफा वाले मंदिर, आसफअली रोड स्थित श्रीराम हुनमान वाटिका मंदिर के अलावा अन्य मंदिरों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाया गया।
 
दिल्ली में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम : दिल्ली के इस्कॉन मंदिरों में पुजारियों ने तुलसी की आरती की, मंदिरों में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए, द्वारका स्थित इस्कॉन मंदिर में भक्तों के लिए मेटावर्स एक्सपीरियंस लॉन्च किया गया जिसके माध्यम से श्रद्धालु घर बैठे देवताओं के दर्शन और आरती कर सकते हैं। टेक्नोलॉजी के माध्यम से श्रद्धालुओं को एक तरह से वर्चुअल रियलिटी का अनुभव कराया गया।
 
उत्तराखंड में बद्रीनाथ मंदिर को रंगों की रंगीन रोशनी से सजाया गया और भक्त पूजा करने के लिए भारी संख्या में एकत्र हुए। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उनकी पत्नी गीता धामी देहरादून में पुलिस लाइन स्थित श्री कृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए।
 
इस महान पर्व का जश्न मनाने के लिए भगवान कृष्ण के भक्त कोलकाता के इस्कॉन मंदिर में भजनों की धुन पर नृत्य करते देखे गए। 
 
जम्मू-कश्मीर में भी उत्साह : जम्मू-कश्मीर में कश्मीरी पंडितों ने धार्मिक उत्साह और हर्षोल्लास के साथ जन्माष्टमी त्योहार के शुभ अवसर पर शोभा यात्रा निकाली।
webdunia
मध्यप्रदेश में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर श्री राधा कृष्ण मंदिर से शोभा यात्रा निकाली गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूजा-अर्चना की तथा भगवान श्रीकृष्ण की बाल गोपाल की प्रतिमा को शोभा यात्रा के लिए रथ में स्थापित किया।
 
बिहार की राजधानी पटना स्थित इस्कॉन मंदिर में भी जन्मोत्सव धूम धाम से मनाया रहा है। इस अवसर पर मंदिर और भगवान की सजावट के लिए मॉरीशस, थाईलैंड, कोलकाता और चेन्नई से फूल मंगाए गए हैं। Edited by:  Sudhir Sharma

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

Dahi Handi 2023 : जन्माष्टमी की धूम, मानव पिरामिड बनाते समय मुंबई में 77 गोविंदा घायल